भोपाल। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने मध्य प्रदेश में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उनके नाम को मंजूरी दी है। इस उपचुनाव के जरिए मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक खाली सीट भरी जाएगी।
भाजपा ने बुधवार को तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए हरदीप सिंह पूरी को मध्य प्रदेश से अपना प्रत्याशी घोषित किया। इससे पहले मध्य प्रदेश बीजेपी के कई नेता राज्यसभा की रेस में थे। हालांकि, पार्टी ने एक बार बाहरी व्यक्ति को टिकट देकर स्थानीय नेताओं की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। मध्य प्रदेश की यह राज्यसभा सीट पूर्व केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
मध्य प्रदेश की खाली राज्यसभा सीट पर 12 नवंबर को मतदान होना है। इससे पहले उम्मीदवारों को नामांकन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। चुनाव आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के तहत नामांकन, जांच और नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान कराया जाएगा। हरदीप सिंह पुरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट के सदस्य हैं। अभी इनके पास पेट्रोलियम और नेचुरल गैस का मंत्रालय है।
हरदीप सिंह पूरी की उम्मीदवारी इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि हाल ही में अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन के साथ उनकी तस्वीरें आई थी। पिछले हफ्ते अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी इन तस्वीरों में देखा जा सकता है कि मंत्री हरदीप पूरी कुख्यात दरिंदे एपस्टीन के साथ अकेले बैठे हैं। पुरी लगातार कहते रहे हैं कि वे एपस्टीन से केवल प्रतिनिधिमंडल के साथ मिले, अलग से उनकी कभी मुलाकात नहीं हुई। लेकिन तस्वीरों में वे अकेले ही हैं।
हरदीप सिंह पुरी और जेफ्री एपस्टीन के संपर्क की बात नवंबर 2025 में सार्वजनिक चर्चा में आई थी। उस समय हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की निगरानी समिति की ओर से जारी एक ईमेल में दोनों के बीच बातचीत का जिक्र था। इसके बाद 30 जनवरी को अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने एपस्टीन से जुड़े लाखों पन्नों के दस्तावेज जारी किए। इनमें जून 2014 से जून 2017 के बीच के ईमेल भी शामिल थे। ईमेल के मुताबिक पुरी 4 फरवरी 2015, 6 जनवरी 2016 और 19 मई 2017 को न्यूयॉर्क में एपस्टीन के घर गए थे।