भोपाल। देशभर में आज हर्षोल्लास के साथ क्रिसमस का पर्व मनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में सुबह से ही शहर के विभिन्न चर्चों में ईसाई समुदाय की भीड़ उमड़ रही है। प्रभु यीशु की प्रार्थना कर लोग एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दे रहे हैं।
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह भी इस उत्सव में शामिल हुए। गुरुवार सुबह वे भोपाल स्थित बिशप हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने आर्चबिशप दुरईराज जी को पुष्पगुच्छ भेंट कर क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को क्रिसमस की बधाई देते हुए प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने लिखा, 'आप सभी को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएँ। आइए, हम सभी अपने त्योहार मिल-जुलकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएँ। विविधता में एकता ही भारत की ताकत है, इसे मिलकर सहेजें और संजोएँ।'
भोपाल शहर में क्रिसमस का पर्व पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर ईसाई समुदाय प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दे रहा है। शहर के सभी प्रमुख चर्चों को आकर्षक विद्युत रोशनी और फूलों से सजाया गया है।
24 दिसंबर की मध्यरात्रि ठीक 12 बजे प्रभु यीशु के जन्मोत्सव की मुख्य प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। इसके बाद केक काटकर लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। शहर के प्रमुख कैथोलिक चर्चों सहित अन्य गिरजाघरों में हजारों श्रद्धालु एकत्र हुए। प्रभु यीशु के जन्म की सुंदर झांकियों और कैरोल गायन से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।