बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर से मंगलवार सुबह 10वीं बोर्ड परीक्षा के दौरान अंग्रेजी के प्रश्नपत्र की फोटो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने का मामला सामने आया। शुरुआती जांच में मामले में एक प्राथमिक शिक्षिका की संलिप्तता सामने आई है। इसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया गया है। जबकि, केंद्राध्यक्ष को भी पद से हटा दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह मामला पेपर लीक का नहीं बल्कि नकल कराने की कोशिश से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:35 बजे प्रशासन को सूचना मिली कि तुकईथड़ में पदस्थ प्राथमिक शिक्षिका राजकुमारी सोनी ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर परीक्षा से संबंधित फोटो अपलोड की है। एडीएम द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई कि अंग्रेजी प्रश्नपत्र की तस्वीर सुबह 9:06 बजे स्टेटस पर डाली गई थी जो परीक्षा शुरू होने के बाद की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर हर्ष सिंह और जिला पंचायत के सीईओ तत्काल तुकईथड़ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे और मौके पर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान शिक्षिका ने स्वीकार किया कि उसने एक अनुपस्थित छात्र की डेस्क से प्रश्नपत्र की फोटो खींची थी। जानकारी के अनुसार, उसका उद्देश्य बाहर से प्रश्नपत्र हल करवाकर परीक्षार्थियों को नकल में मदद पहुंचाना था। बताया जा रहा है कि फोटो किसी अन्य व्यक्ति को भेजी भी गई थी ताकि उत्तर तैयार कराए जा सकें।
घटना सामने आते ही प्रशासन ने शिक्षिका को तुरंत परीक्षा केंद्र से बाहर कर दिया और परीक्षा व्यवस्था की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए केंद्राध्यक्ष को भी तत्काल प्रभाव से बदल दिया गया। इसके बाद परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी बढ़ा दी गई और शेष परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से कराई गई।
घटना के बाद क्षेत्र में पेपर लीक की चर्चाएं तेज हो गई है। हालांकि, प्रशासन ने इसे पूरी तरह निराधार बताया है। अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर मौजूद सभी 109 छात्र-छात्राओं को सुबह 8:40 बजे से पहले प्रवेश दे दिया गया था और प्रश्नपत्र निर्धारित समय पर ही वितरित किए गए थे। चूंकि फोटो परीक्षा शुरू होने के बाद ली और साझा की गई थी इसलिए प्रश्नपत्र लीक होने की संभावना से इनकार किया गया है।
कर्तव्य में लापरवाही और अनुचित गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में शिक्षिका और केंद्राध्यक्ष दोनों को तत्काल निलंबित कर दिया गया है। आरोपी शिक्षिका को पुलिस थाने भेजा गया है जहां उससे विस्तृत पूछताछ जारी है। प्रशासन अब यह भी जांच कर रहा है कि इस मामले में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही और नकल कराने का कोई संगठित प्रयास तो नहीं किया गया है।