सतना। चित्रकूट के नयागांव नगर परिषद का CMO पर रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अनुकंपा नियुक्ति के नाम पर एक युवक से 1 लाख रुपए लेते लोकायुक्त ने रंगे हाथ पकड़ा है। फरियादी की शिकायत पर रीवा लोकायुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। नगर परिषद के CMO कृष्णपाल सिंह के खिलाफ युवक ने शिकायत की थी। जिसके बाद लोकायुक्त ने प्लानिंग के तहत CMO को पैसे लेते रंगे हाथ दबोचा है। 

अनिल तिवारी ने अपनी शिकायत में कहा था कि उनकी अनुकंपा नियुक्ति को CMO लगातार टाल रहा है। बार-बार उसमें अड़चने डाल रहा है। आखिरकार उसने एक लाख में काम करने की बात कही, और धमकी देते हुए कहा कि अगर रिश्वत की मांग पूरी नहीं की गई तो उसकी नियुक्ति नहीं हो पाएगी। आरोपी CMO ने फरियादी अनिल को पैसे लेकर अपने सरकारी मकान में बुलाया था। शुक्रवार को जैसे ही अनिल CMO के घर पैसे लेकर पहुंचा, पहले से अलर्ट लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

और पढ़ें: सेना में नौकरी के नाम पर 1.5 लाख की ठगी, फर्जी आर्मी ऑफिसर बन ठगने वाला निकला 10वीं पास

दरअसल अनिल के पिता नगर परिषद में टाइम कीपर के पद पर थे। कोरोना संक्रमण की वजह से उनका निधन हो गया था। सरकार की घोषणा के अनुसार पिता के स्थान पर बेटे को अनुकंपा नियुक्ति दी जानी थी। जिसका मामला CMO कृष्णपाल सिंह के पास लंबित था। लेकिन इसके लिए अधिकारी रिश्वत मांग रहा था। अब लोकायुक्त ने अफसर को गिरफ्तार कर लिया है। लोकायुक्त की टीम CMO से पूछताछ में जुटी है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।