भोपाल। अमेरिकी वायुसेना का C-17 प्लेन 5 फरवरी को 104 भारतीय प्रवासियों को लेकर अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा। इस दौरान सभी लोगों के हाथ-पैर बेड़ियों और जंजीरों से बंधे हुए थे। इसका वीडियो सामने आने के बाद पूरे देश में आक्रोश है। भारतीय नागरिकों से इस दुर्व्यवहार पर एक्शन लेने के बजाए केंद्र सरकार अमेरिकी प्रशासन के बचाव में जुट गई है। इसी बीच अब अमेरिका की ट्रंप सरकार के खिलाफ भोपाल में कांग्रेसजनों का प्रदर्शन देखने को मिला।

भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर आंबेडकर प्रतिमा के समीप कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमेरिका और केंद्र सरकार के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लिए नारेबाजी करते नजर आए। तख्तियों पर लिखा था— ‘हर हिंदुस्तानी का स्वाभिमान यही, न्याय दो, जंजीर नहीं’ और ‘हथकड़ियों में कैद भारत का युवा, 56 इंची सीना कहां गया?’ ये प्रदर्शन कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अमेरिका की ट्रंप सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस प्रदर्शन में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी शामिल हुए। वह इस दौरान हाथों में बेड़ियां डालकर आए थे। पटवारी ने अमेरिका की कार्रवाई और केंद्र सरकार की चुप्पी पर नाराजगी जताई और इस मामले में ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा, '2014 में जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने, तो उन्होंने देश को जो सपने दिखाए, उस पर लोगों ने भरोसा किया। मोदी ने कहा था कि भारत दुनिया का नंबर वन देश बनेगा और दुनिया की सबसे बड़ी शक्तियां भारत के सामने नतमस्तक होंगी। उन्होंने यह भी वादा किया था कि जो भगोड़े देश का धन लेकर भाग गए हैं, उन्हें वापस लाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।'

पटवारी ने आगे कहा कि 10 साल बाद जब लोग मोदी के वादों पर यकीन कर रहे थे, तो उन्होंने देखा कि देश के नागरिकों को किस तरह से अपमानित किया गया। उन्होंने कहा कि ट्रंप को पीएम मोदी का सबसे करीबी मित्र बताया जाता है। ट्रंप सरकार ने दुनिया में भारत के नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार किया। एक मालवाहक विमान में लोगों को भरकर उन्हें यातनाएं दी गईं और फिर उन्हें हथकड़ी पहनाकर भारत के एयरपोर्ट पर छोड़ दिया गया। यह घटना भारत के लिए तो शर्मनाक है ही, बल्कि मोदी सरकार के लिए भी यह अत्यंत अपमानजनक है।

कांग्रेस के इस प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी पटेल, सिद्धार्थ राजावत, अभिनव बरोलिया और नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता ज़की सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।