भोपाल। राजधानी भोपाल में सोमवार को मुख्यमंत्री निवास के सामने तब हड़कंप मच गया जब गुना जिले से आए एक दंपत्ति ने आत्मदाह की कोशिश की। यह दंपत्ति अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलना चाहते थे। इसी दौरान पति-पत्नी ने अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर खुद को आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों को बचा लिया और पुलिस के हवाले किया।
दंपत्ति ने आरोप लगाया कि गुना कोतवाली थाना प्रभारी और स्थानीय प्रभावशाली लोग उनकी शिकायतों को अनसुना कर उन्हें फर्जी मामलों में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी दुकान पर कब्जा करने के लिए यह साजिश रची जा रही थी। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। जिसके चलते उन्होंने मुख्यमंत्री से सीधे मिलने का निर्णय लिया।
श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने दंपत्ति को थाने ले जाकर पूरी जानकारी जुटाई। पुलिस ने पुष्टि की है कि दंपति सुरक्षित हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।