दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के तहत गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है। यहां पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। सुबह नौ बजे तक 19.05 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि मतदान के लिए विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 केंद्र बनाए गए हैं जिन पर 2,20,344 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर 21 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे। कुल 291 मतदान केंद्रों में से 186 ग्रामीण क्षेत्रों में जबकि 105 शहरी क्षेत्रों में हैं। कुल पात्र मतदाताओं में 1,16,088 पुरुष और 1,04,246 महिलाएं हैं।

मतगणना के बाद परिणाम तीन अगस्त को घोषित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी और दतिया के जिलाधिकारी स्वप्निल वानखड़े ने मीडिया से कहा कि मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया है और लोग उत्साह के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नौ बजे तक 19.05 प्रतिशत मतदान हो चुका है। कहीं से न तो कोई शिकायत मिली है और न ही कोई अप्रिय घटना हुई है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दतिया सीट पर आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव भी चुनाव मैदान में हैं और वह मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इन तीनों के अलावा 18 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं, जो प्रमुख राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें। उन्होंने मतदाताओं से ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ करने की अपील करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आपका वोट दतिया के उज्ज्वल भविष्य और मजबूत लोकतंत्र की नींव है। मत देकर विकसित भारत और विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनें।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील करते हुए कहा, ‘आपका एक-एक वोट दतिया के भविष्य, विकास और लोकतंत्र की मजबूती तय करेगा। निर्भीक होकर, अपने विवेक और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए मतदान करें। लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत आपका वोट है। पहले वोट करने जाना है, समृद्ध दतिया बनाना है।’