भोपाल। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय भोपाल की स्नातकोत्तर प्रवेश प्रक्रिया सवालों के घेरे में है। एमए, एमसी और एमए एपीआर में प्रवेश को लेकर विश्वविद्यालय के छात्र तनय शर्मा ने पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। शनिवार को इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में तनय शर्मा ने मंच से राहुल गांधी को माखनलाल पत्रकारिता विवि में चल रहे धांधली की जानकारी दी।
राहुल गांधी से बातचीत के दौरान माखनलाल पत्रकारिता विवि के छात्र तनय शर्मा ने कहा कि मैं देश की सबसे बड़ी मीडिया वीवी माखनलाल का छात्र हूं। लेकिन जैसा आपने कहा कि सरकार सिर्फ अंधभक्तों को पसंद करती ये बिल्कुल सत्य है। क्योंकि हम जब माखनलाल पत्रकारिता विवि में पढ़ने जाते हैं तो हमारे साथ भेदभाव किया जाता है, क्योंकि हम अंधभक्त नहीं हैं, नफरती नहीं हैं और वॉटसएप यूनिवर्सिटी से नहीं पढ़े हैं। उन्हें सिर्फ अंधभक्त पसंद आते हैं।
तनय ने राहुल गांधी को बताया कि उन्होंने माखनलाल पत्रकारिता विवि में तीन साल पढ़ाई के बाद जब मास्टर्स के लिए अप्लाई किया तो गुड अकादमिक रिकॉर्ड होने के बावजूद मास्टर्स में मुझे एडमिशन नहीं दिया गया, क्योंकि मैं अंधभक्त नहीं हूं। तनय के मुताबिक उन्होंने जब स्कोरशीट के लिए RTI लगाई तो वहां का प्रशासन कहता है कि हमारे पास स्कोरशीट मेंटेन नहीं है। तनय ने कहा कि हमारा कुलपति अंधभक्त है और उन्हें अंधभक्त ही स्टूडेंट भी चाहिए।
इसपर राहुल गांधी ने कहा कि जो सिस्टम के लोग हैं वे देश में अंधभक्त चाहते हैं लेकिन अपने बच्चों को अंधभक्त नहीं बनाना चाहते। इनके बच्चे अंग्रेजी स्कूल में पढ़ते हैं। देश के बच्चों को अंधभक्त बनाना चाहते हैं लेकिन अपने बच्चों को विदेश में पढ़ाने भेजते हैं। इस दौरान तनय ने कहा कि इस समय हमारे विश्वविद्यालय के कुलपति और सभी प्रोफेसर हमें सुन रहे हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं कि जबतक राहुल जी हमारे साथ खड़े है हम न दबेंगे, न डरेंगे न झुकेंगे।