भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के 2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दिया। इसमें नौकरी छोड़ने की वजह व्यक्तिगत बताई है। सुजानिया करीब 6 महीने पहले सागर SP बनाए गए थे। चार दिन पहले ही सरकार ने उन्हें इस पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय (PHQ) में AIG बनाया था।

अनुराग सुजानिया के इस्तीफे के बाद राज्य सरकार भी सक्रिय है। मुख्यमंत्री आज शाम पुलिस मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दरअसल, सुजानिया के इस्तीफे के बाद मंगलवार सुबह CM डॉ. मोहन यादव भौंरी पहुंचे थे। यहां IPS एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस मामले में CM से चर्चा की। 

बताया जा रहा है कि CM ने एसोसिएशन से मामले में हस्तक्षेप करने को कहा था। इसके बाद उन्होंने आज शाम पुलिस मुख्यालय (PHQ) में सभी सीनियर पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई है। शाम को होने वाली बैठक में कानून-व्यवस्था के साथ सुजानिया के इस्तीफे के मामले पर भी चर्चा हो सकती है। सुजानिया का इस्तीफा स्वीकार करना है या नहीं, इसका फैसला अभी सरकार ने नहीं लिया है।

सुजानिया इससे पहले मुरैना जिले के SP भी रह चुके हैं। मुरैना में 2021 में उनके कार्यकाल के दौरान जहरीली शराब पीने से 24 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। जांच में पुलिस के संरक्षण में अवैध शराब की बिक्री होने की बात सामने आई थी। इसके बाद उन्हें SP पद से हटा दिया गया था।

इसके बाद इसी साल सितंबर में सागर के बंडा में जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया। इसमें 15 मौतों की बात सामने आई थी, जबकि विपक्ष ने 36 मौतें होने का दावा किया था। सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के लिए आयोग बनाया है। शुरुआत में सागर SP को नहीं हटाया गया था, लेकिन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में कलेक्टर और SP दोनों को हटा दिया गया।