भोपाल।

कोरोना वायरस से निपटने के लिए देश में 21 दिनों का लॉक डाउन है। इस कारण देश में अनेक स्थानों पर लोग समस्याओं से घिर गए हैं। इन लोगों की सहायता के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने वीडियो जारी कर ने कहा था कि वे सहायता के लिए सदैव तत्पर रहे हैं और यदि इस महामारी के किसी को कोई परेशानी हो तो उनके कार्यालय में संपर्क करें। वे मदद का हर संभव प्रयास करेंगे। इस पेशकश के बाद सिंह के ऑफिस में पिछले 24 घंटों में सहायता के लिए डेढ़ दर्जन से अधिक कॉल आए हैं।

इन कॉल के बाद सिंह ने अपने स्तर पर सहायता उपलब्ध करवाई है। इस बारे में वीडियो जारी कर सिंह ने कहा कि पूरे देश में हुए लॉकडाउन के बाद असमंजस का माहौल है। कोई अपने घर में क़ैद है तो कोई अपने घरवालों तक पहुँचने के लिए बेचैन है। किसी का राशन-पानी ख़त्म हो गया है। तो कोई रास्ते में अटक गया है। ऐसे अनेकों लोगों के फ़ोन मेरे पास मदद के लिए आ रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान लगभग डेढ़ दर्जन लोगों ने मदद के लिए संपर्क किया है। मैं और मेरी टीम इनमें से बहुत से लोगों की मदद कर रहे हैं। मैंने प्रशासन से भी मदद की माँग की है। केंद्र और राज्य सरकारों से अपील है कि वो दिहाड़ी मज़दूरों के खाते में कम से कम 5 हजार तत्काल मुहैया कराए।
सिंह ने कहा कि मैं देश और प्रदेश की जनता से अपील करता हूँ कि आप जहां भी रहें अपने स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें। धैर्य रखें। हम अपनी ज़िम्मेदारी निभाने के लिए हमेशा तत्पर हैं और रहेंगे।