सोमवार शाम को एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। विमान ने भोपाल से हैदराबाद के लिए उड़ान भरी ही थी कि तकनीकी खराबी आने के चलते विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ गई। विमान को दोबारा उड़ान भरने के लिए भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट पर तकरीबन दो घंटे का इंतजार करना पड़ा।

एयर इंडिया के विमान को सोमवार से ही भोपाल से हैदराबाद के लिए अपनी सेवा शुरू करनी थी। शाम तकरीबन 6.40 बजे इसे भोपाल से हैदराबाद के लिए उड़ान भरनी थी। विमान ने अपने तय समय पर राजा भोज एयरपोर्ट से उड़ान भरना शुरू किया ही था कि तभी विमान में तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। विमान के पायलट को समस्या का आभास होते ही उसने एयर ट्रैफिक कंट्रोलर से संपर्क साधा। एटीसी से संपर्क साधने के बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई।

तकनीकी खामी ठीक कर दोबारा उड़ान भरने में तकरीबन दो घंटे का इंतज़ार करना पड़ा। एयर इंडिया के इंजीनियरों ने मशक्कत के बाद विमान में आई तकनीकी खामी को दूर किया। इसके बाद विमान हैदराबाद के लिए उड़ान भर पाया। गौरतलब है कि एयर इंडिया का विमान अमूमन मुंबई से भोपाल आता है। उसके बाद हैदराबाद होते हुए विमान की मुंबई वापसी होती है।