भोपाल। राजधानी भोपाल से करीब 40 किलोमीटर दूर तरावली गांव के जंगल में मंगलवार सुबह पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब बनाने के ठिकानों पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान करीब 275 लीटर अवैध हाथ भट्टी शराब और 15 हजार किलो लाहन बरामद किया गया। मौके पर जमीन के अंदर बनाई गई 12 शराब भट्टियां नष्ट की गई। जबकि, शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले 2 बॉयलर और 30 से अधिक खाली व भरे ड्रम भी जब्त किए गए।

सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के निर्देशन में कंट्रोलर वर्षा उइके की टीम ने पुलिस के साथ तड़के कार्रवाई शुरू की थी। जंगल में गांव से दूर अलग-अलग डेरों में अवैध शराब तैयार की जा रही थी। कार्रवाई करीब दो घंटे चली थी। टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोग अपने ठिकाने छोड़कर फरार हो गए थे।

यह भी पढ़ें:राहुल गांधी ने बड़वानी की छात्रा को दिल्ली बुलाया, छात्रों की गूंज में दिया था इलाज में मदद का भरोसा

संयुक्त दबिश में पुलिस और आबकारी विभाग के कुल 52 अधिकारी और 175 कर्मचारी शामिल थे। टीम ने जंगल में बने अलग-अलग डेरों और खाली पड़े घरों की तलाशी ली। इसी दौरान बड़ी मात्रा में लाहन और हाथ भट्टी से तैयार शराब मिली। जमीन के भीतर छिपाकर बनाई गई 12 भट्टियों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया था। इनमें शराब तैयार करने के लिए इस्तेमाल हो रहे दो बॉयलर भी मिले जिन्हें जब्त कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

तरावली से होकर तरावली मंदिर जाने वाला रास्ता बैरसिया रोड से जुड़ता है। यह इलाका भोपाल से लगभग 40 किलोमीटर दूर है। स्थानीय स्तर पर यहां तरावली और आसपास के गांवों में तैयार होने वाली अवैध शराब की बिक्री की बात सामने आती रही है। बताया जाता है कि लक्ष्मणपुरा गांव के पास करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र में पन्नियों में 10 से 20 रुपये तक में शराब बेची जाती है। आबकारी विभाग की ओर से पहले भी यहां कार्रवाई की जा चुकी है लेकिन कुछ समय बाद अवैध शराब की बिक्री दोबारा शुरू होने की जानकारी सामने आती रही है।

यह भी पढ़ें:इंदौर में नो UPI डे की तैयारी, व्यापारिक संगठनों ने की 23 सितंबर को डिजिटल पेमेंट से दूरी की अपील

दबिश के दौरान बैरसिया एसडीओपी वैशाली करहेलिया, एसडीओपी दुर्जन सिंह बरकड़े, बैरसिया थाना प्रभारी रामबाबू चौधरी, गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव और निरीक्षक नरेंद्र यादव मौजूद थे। आबकारी विभाग की ओर से बैरसिया वृत्त प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुरेंद्र देवांगन, उप निरीक्षक चंदर सिंह समेत भोपाल जिला आबकारी, राज्य स्तरीय उड़नदस्ता और संभागीय उड़नदस्ता के अधिकारी-कर्मचारी कार्रवाई में शामिल थे। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में पुलिस और आबकारी अमले के जंगल में पहुंचने से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया था। फिलहाल जब्त शराब, लाहन, बॉयलर और अन्य सामग्री के संबंध में आबकारी विभाग ने वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।