धार। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को धार जिले के ग्राम बरमंडल पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस नेता प्रकाश पुरी के पुत्र और खातेगांव थाना प्रभारी रहे स्वर्गीय दिलीप पुरी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान पटवारी ने मुख्यमंत्री से पुलिस विभाग के तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने की घोषणा करने की मांग की। साथ ही गुजरात में हो रहे अवैध शराब सप्लाई के नेटवर्क की सीबीआई जांच की भी मांग की।
पटवारी ने कहा कि पुलिस विभाग के कर्मचारी दिन-रात और कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। कई बार उन्हें नियमित अवकाश तक नहीं मिल पाता। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, जो प्रदेश के गृह मंत्री भी हैं, उन्हें पुलिसकर्मियों के बच्चों की पूरी शिक्षा निःशुल्क करने की घोषणा करनी चाहिए। यह स्वर्गीय दिलीप पुरी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे पुलिसकर्मियों पर आर्थिक बोझ कम होगा और उनके बच्चों के भविष्य को लेकर भी सरकार की ओर से सुरक्षा मिलेगी।
इस दौरान पटवारी ने प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव और गली-मोहल्लों में डायरी पर अवैध शराब बेची जा रही है। इतना बड़ा कारोबार प्रशासनिक और राजनीतिक संरक्षण के बिना संचालित नहीं हो सकता। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर शराब माफियाओं को किसका संरक्षण प्राप्त है और किन लोगों के इशारे पर यह कारोबार बेखौफ चल रहा है?
पटवारी ने गुजरात में अवैध शराब की सप्लाई और तस्करी के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क की सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार केवल विजुअल और मीडिया मैनेजमेंट तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे मामले की तह तक जाकर शराब माफियाओं, उनके सहयोगियों और उन्हें संरक्षण देने वालों का पर्दाफाश करे। दोषियों के साथ उनके संरक्षकों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।