अमृतसर से पश्चिम बंगाल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस में शुक्रवार को आग लगने से अफरा तफरी मच गई। ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आ गए थे। घटना राजपुरा के पास सराय बंजारा इलाके में हुई। डिब्बों से धुआं उठता देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई थी। रेलवे प्रशासन ने तत्काल ट्रेन को राजपुरा रेलवे स्टेशन पर रुकवाया और आग प्रभावित बोगियों को बाकी ट्रेन से अलग कर दिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, यात्रियों का सामान जलने से काफी नुकसान हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के इंजन से पांचवें डिब्बे की ओर धुआं दिखाई देने लगा था। देखते ही देखते आग की सूचना पूरे ट्रेन में फैल गई। आग की वजह से त्योहारों के दौरान अपने घर जा रहे यात्रियों में घबराहट का माहौल बन गया था। कई यात्री अपना सामान लेकर डिब्बों से बाहर निकलने लगे थे। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर सक्रिय हो गए थे।

यह भी पढ़ें:किसानों पर दोष मत मढ़िए, अमीरों की गाड़ियां भी जिम्मेदार, दिल्ली में प्रदूषण पर बोला सुप्रीम कोर्ट

रेलवे कर्मचारियों ने आग को दूसरी बोगियों तक पहुंचने से रोकने के लिए प्रभावित चार डिब्बों को ट्रेन से अलग कर दिया था। इसके बाद आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंच गई थी। राहत और बचाव कार्य के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई थी। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है लेकिन आग की वजह से प्रभावित डिब्बों में रखा यात्रियों का सामान जल गया। त्योहारों पर घर लौट रहे लोगों को इस घटना में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती स्तर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी जैसी आशंकाएं हो सकती हैं लेकिन रेलवे की ओर से किसी कारण की पुष्टि नहीं की गई है। घटना की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी। हादसे के चलते इस रेलमार्ग पर अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित होने की आशंका है।

यह भी पढ़ें:MP में सफाईकर्मियों की हड़ताल से बिगड़ी व्यवस्था, भोपाल के पॉश इलाकों में कचरे के ढेर, टैंकर से पानी की सप्लाई भी ठप