गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के म्याना थाना क्षेत्र के सफा बरखेड़ा गांव में एक 60 वर्षीय किसान की कीटनाशक की वजह से मौत हो गई। किसान नीलम सिंह यादव मंगलवार शाम खेत में मूंग की फसल पर दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने बिना हाथ धोए जर्दा खा लिया था। जिसकी वजह से कीटनाशक उनके शरीर में पहुंच गया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, नीलम सिंह यादव अपने खेत में मूंग की फसल की देखभाल कर रहे थे और उसी दौरान कीटनाशक का छिड़काव कर रहे थे। काम के बीच उन्होंने हाथ साफ किए बिना ही जर्दा बनाया और खा लिया। कुछ ही देर में उनकी हालत खराब होने लगी।

इसी दौरान खेत से लौट रहे उनके बेटे ने उन्हें अस्वस्थ देखा और तुरंत परिवार को सूचना दी। परिजन उन्हें तत्काल गुना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। रात भर डॉक्टरों ने उनका उपचार किया लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और बुधवार सुबह उनकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

डॉक्टरों के अनुसार, किसान के हाथों में कीटनाशक लगा हुआ था जो जर्दा के साथ शरीर में चला गया और जहरीला असर बढ़ने से उनकी जान चली गई। मृतक के बेटे ने बताया कि उसने अपने पिता को दवा छिड़कने से मना किया था और खुद करने की बात कही थी लेकिन उन्होंने बात नहीं मानी और खुद ही काम करने लगे जिसके चलते यह हादसा हो गया।