ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक ई कॉमर्स कंपनी के वेयरहाउस में 21 वर्षीय कॉलेज छात्रा के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि काम खत्म होने के बाद वेयरहाउस के दो संचालकों ने छात्रा को यह कहकर रोक लिया कि अभी काम बाकी है। कर्मचारियों के जाने के बाद दोनों ने चैनल गेट बंद कर छात्रा को धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा की शिकायत पर गोला का मंदिर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना बीते 17 सितंबर की शाम करीब 7 बजे पटरी रोड स्थित वेयरहाउस में हुई थी। पीड़िता बीए प्रथम वर्ष की छात्रा है और परिवार की आर्थिक मदद के लिए वहां पार्ट टाइम काम करती थी। उस दिन काम समाप्त होने के बाद वेयरहाउस संचालक आदित्य भदौरिया और रोबिन शर्मा ने उसे कुछ और काम होने की बात कहकर रोक लिया था।

यह भी पढ़ें:भोपाल के तरावली गांव में आबकारी विभाग की कार्रवाई, 15 हजार किलो लाहन और 275 लीटर कच्ची शराब जब्त

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, जब बाकी कर्मचारी अपना काम खत्म कर वहां से चले गए तब वेयरहाउस में छात्रा के अलावा दोनों संचालक ही मौजूद थे। आरोप है कि दोनों ने चैनल गेट अंदर से बंद कर दिया था। छात्रा ने इसका विरोध किया तो उसे धमकाया गया। वारदात के बाद भी आरोपियों ने किसी को घटना के बारे में बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक, धमकी के चलते छात्रा ने तत्काल परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी। कई दिनों तक वह चुप थी।

घटना के बाद छात्रा के व्यवहार और उसकी मानसिक स्थिति में बदलाव देखकर परिवार के लोगों को संदेह हुआ। पूछताछ करने पर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद सोमवार को वह अपने परिवार के साथ गोला का मंदिर थाने पहुंची और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराया। शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप और जान से मारने की धमकी देने से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें:राहुल गांधी ने बड़वानी की छात्रा को दिल्ली बुलाया, छात्रों की गूंज में दिया था इलाज में मदद का भरोसा

गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव के मुताबिक, आदित्य भदौरिया और रोबिन शर्मा पार्टनरशिप में वेयरहाउस संचालित करते हैं। यह वेयरहाउस घटना से करीब 15 दिन पहले ही शुरू हुआ था। यहां एक ई कॉमर्स कंपनी के प्रोडक्ट की पैकेजिंग का काम किया जाता है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज करने के बाद दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में छात्रा के बयान, मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।