मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस क्षेत्र में गुरुवार सुबह कार्तिक स्नान के दौरान तीन परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हरलाल का पुरा गांव की तीन नाबालिग बच्चियां क्वारी नदी में नहाने गई थी लेकिन गहरे पानी में डूबने से तीनों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। करीब छह घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोपहर 1:40 बजे तीनों के शव नदी से बाहर निकाले जा सके।

जानकारी के अनुसार, कार्तिक माह की शुरुआत के चलते तीनों बच्चियों ने सुबह नदी में स्नान करने का फैसला किया था। वे गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे घर से निकलकर नदी किनारे पहुंची थी। नहाते समय तीनों गहरे पानी की ओर चली गई और डूबने लगी। वहां मौजूद अन्य लोगों ने बच्चियों को पानी में डूबते देखा तो ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी।

यह भी पढ़ें:सफाईकर्मिओं के हड़ताल से चरमराई MP की सफाई व्यवस्था, मांगें पूरी न होने पर जलापूर्ति रोकने की चेतावनी

घटना की जानकारी मिलते ही कैलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआत में स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चियों की तलाश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने अतिरिक्त गोताखोरों और SDRF की टीम की सहायता से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 1:40 बजे तीनों बच्चियों के शव बरामद किए गए। बचाव अभियान में लगभग छह घंटे लगे।

एसपी धर्मराज मीना के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान प्राची यादव (12), चंदा यादव (10) और निशि यादव (12) के रूप में हुई है। तीनों हरलाल का पुरा गांव की रहने वाली थी। प्राची के पिता का नाम भारत यादव बताया गया है। जबकि, चंदा और निशि सगी बहनें थी। प्राची उनके पड़ोस में रहती थी। तीनों बच्चियों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया। 

यह भी पढ़ें:दिल्ली के चांदनी चौक में ढही निर्माणाधीन इमारत, 2 की मौत और 15 लोगों के दबे होने की आशंका

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद परिवारों और ग्रामीणों में शोक का माहौल है। रेस्क्यू के बाद तीनों बच्चियों के शव कैलारस अस्पताल लाए गए थे। हालांकि, परिजनों ने आपसी सहमति से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद गांव में ही विधि विधान के अनुसार, तीनों बच्चियों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है।