भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा पांच दिवसीय दीपोत्सव विश्राम के बाद बुधवार, 11 नवंबर को फिर शुरू होगी। यात्रा 5 नवंबर को पाटई हनुमान मंदिर पहुंची थी। दीपावली के पर्व को देखते हुए यात्रा को पांच दिनों का विराम दिया गया था, ताकि दिग्विजय सिंह के साथ चल रहे सहयात्री और सहयोगी अपने परिवारजनों के साथ दीपावली मना सकें। अब बुधवार सुबह पाटई हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद यात्रा का दूसरा चरण शुरू होगा। इसकी शुरुआत राघौगढ़ नगर भ्रमण से होगी। इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौजूद रहेंगे।
दिग्विजय सिंह के बेटे और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर क्षेत्र के लोगों से यात्रा में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह 8 बजे पाटई हनुमान मंदिर में दर्शन, धर्मरथ की आरती और ध्वज वंदन होगा। इसके बाद सुबह 8:30 बजे से दिग्विजय सिंह का राघौगढ़ नगर भ्रमण शुरू होगा। इस दौरान नगर के अलग-अलग हिस्सों में उनका स्वागत किया जाएगा।
दोपहर करीब 1 बजे कैची बीड़ी कारखाने के पास दिग्विजय सिंह जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, यात्रा का दोपहर विश्राम और लंच मामाजी गार्डन में होगा।जयवर्धन सिंह ने उन सभी ग्रामवासियों से विशेष रूप से यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है, जिन्होंने 5 नवंबर को यात्रा के दौरान बढ़-चढ़कर सहभागिता की थी। उन्होंने राघौगढ़ के सभी 24 वार्डों के पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठजनों, युवाओं और नगरवासियों से भी अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर दिग्विजय सिंह का स्वागत करें और इस यात्रा के सहभागी बनें।
बता दें कि कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से हुई थी। यात्रा का उद्देश्य सनातन परंपराओं, आस्था और धार्मिक स्थलों से जुड़े विषयों पर जनजागरण के साथ ही मंदिरों में चढ़ावे और दान की व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाना है। यात्रा के जरिए राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे से जुड़े सवालों की निष्पक्ष जांच और वोट चोरी के आरोपों की जांच की मांग भी उठाई जा रही है।
दिग्विजय सिंह के मुताबिक इसका उद्देश्य किसी धर्म, संप्रदाय या राजनीतिक दल के विरोध में माहौल बनाना नहीं, बल्कि सनातन आस्था से जुड़े विषयों पर पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाना है। यात्रा के माध्यम से श्रद्धा, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी दिया जा रहा है। उज्जैन से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न कस्बों और गांवों से होते हुए अयोध्या में श्रीरामलला के दर्शन के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।