नई दिल्ली। दिवाली के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा एक बार फिर जानलेवा स्तर पर पहुंच गई है। राजधानी में प्रदूषण की गंभीर स्थिति को लेकर एम्स के डॉक्टर ने गहरी चिंता जताई है। डॉक्टर ने कहा कि लोग लगातार जहरीली हवा में सांस ले रहे हैं और हालात इतने खराब हैं कि उन्हें हैरानी होती है कि लोग अब तक जिंदा कैसे हैं। इस बीच प्रदूषण के आधिकारिक आंकड़ों में हेरफेर और निगरानी केंद्रों के डेटा गायब होने की खबरों ने भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

एम्स के पल्मोनरी मेडिसिन एवं स्लीप डिसऑर्डर विभाग के प्रोफेसर डॉ. विजय हड्डा ने कहा कि दिल्ली की मौजूदा हवा इंसानों के रहने लायक नहीं रह गई है। लोग हर सांस के साथ जहरीले कण और गैसें अपने शरीर में पहुंचा रहे हैं। उन्होंने ग्रीन पटाखों से होने वाले प्रदूषण को लेकर भी आगाह किया। उनके मुताबिक, ग्रीन पटाखे सामान्य पटाखों की तुलना में उत्सर्जन में करीब 30 फीसदी की ही कमी करते हैं। यानी प्रदूषण का बड़ा हिस्सा अब भी वातावरण में बना रहता है।

डॉ. हड्डा ने बताया कि प्रदूषित हवा का असर केवल पहले से बीमार लोगों पर ही नहीं, बल्कि स्वस्थ लोगों पर भी दिखाई देने लगा है। गले में जलन, नाक बंद होना, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण सामने आ रहे हैं। उन्होंने चेताया कि प्रदूषण के दीर्घकालिक प्रभाव बेहद गंभीर हो सकते हैं।

दिल्ली की हवा की खराब स्थिति के बीच अब प्रदूषण मापने वाले सरकारी निगरानी केंद्रों के आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिवाली की रात जब पटाखों के चलते प्रदूषण अपने चरम पर था, तब दिल्ली के कई एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन से आंकड़े मिलने बंद हो गए। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के विश्लेषण के मुताबिक, सोमवार तड़के एक बजे दिल्ली के 59 में से 36 निगरानी केंद्रों से आंकड़े उपलब्ध नहीं थे।

वहीं, सरकारी और निजी एजेंसियों के AQI आंकड़ों में भी बड़ा अंतर सामने आया है। विपक्षी दलों ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर करने का आरोप लगाया है। विपक्ष का दावा है कि निगरानी केंद्रों के आसपास पानी का छिड़काव कर और नए केंद्रों को कम प्रदूषण वाले इलाकों में स्थापित कर वास्तविक प्रदूषण को कम दिखाने की कोशिश की जा रही है।

दिल्ली की प्रदूषण की स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा, ''दिल्ली में बैठी भ्रष्ट भाजपा सरकार झूठे आंकड़ों की चादर से प्रदूषण की असहनीय तकलीफ़ को ढकना चाहती है। प्रदूषण के स्तर का सच क्या है ये उन मासूम बच्चों, बीमारों और बुज़ुर्गों से पूछिए जो एक-एक सांस लेने में ज़िंदगी की जंग लड़ रहे हैं। भाजपा झूठी थी, झूठी है और झूठी ही रहेगी।''

दिवाली की रात दिल्ली के AQI को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग ऐप्स के स्क्रीनशॉट भी वायरल हो रहे हैं। इनमें दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 1500 से 1800 तक पहुंचा हुआ दिखाया गया है, जबकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आधिकारिक आंकड़ों में AQI 400 से नीचे रहा। दरअसल, CPCB ने AQI की अधिकतम सीमा 500 निर्धारित कर रखी है। इसके उलट विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की पद्धति के आधार पर आंकड़े दिखाने वाले दूसरे ऐप्स में ऐसी कोई अधिकतम सीमा तय नहीं है। यही वजह है कि अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर दिल्ली के प्रदूषण का स्तर अलग-अलग दिखाई दे रहा है।