भोपाल। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ मंगलवार को लॉन्च हुई। इस मौके पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सोनिया गांधी को बधाई देते हुए पुस्तक का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक सोनिया गांधी के जीवन और उनकी सोच को प्रदर्शित करती है। सोनिया गांधी ने हमेशा अपनी विचारधारा को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया है और इसके खिलाफ जाने वालों का समर्थन नहीं किया है।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी की राजनीतिक प्रतिबद्धता इस देश की व्यवस्था और सभी धर्मों के सम्मान यानी सर्वधर्म समभाव के प्रति रही है। सिंह ने मुताबिक सोनिया गांधी ने इस विचारधारा को अपने जीवन में अंगीकार किया है। सिंह ने कहा कि उनका जन्म भले ही विदेश में हुआ, लेकिन उनमें भारतीयता कूट-कूटकर भरी हुई है। इसलिए आज लॉन्च हुई उनकी पुस्तक का हम स्वागत करते हैं।

इस दौरान दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी की विचारधारा अशांति फैलाने वाली, कट्टरता और नफरत की विचारधारा है। यह हमारे सनातन धर्म के बिल्कुल विपरीत है।

बता दें कि सोनिया गांधी की आत्मकथा 'Belonging: A Journey of Love' उनके निजी जीवन, परिवार, प्रेम, संघर्ष और भारत के साथ उनके जुड़ाव की कहानी बयां करती है। इसमें इटली में बीते बचपन से लेकर राजीव गांधी से मुलाकात, विवाह और गांधी परिवार का हिस्सा बनने तक के सफर को दर्ज किया गया है। पुस्तक में इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या जैसी त्रासदियों, राजनीति में सोनिया गांधी के प्रवेश और कांग्रेस के नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालने के अनुभवों को भी जगह दी गई है।

सोनिया गांधी ने इस पुस्तक को राजनीतिक दस्तावेज की बजाय अपनी निजी जीवन यात्रा बताया है। उनके मुताबिक, इसके जरिए वह अपने परिवार को उस रूप में सामने रखना चाहती हैं, जैसा उन्होंने उन्हें करीब से जाना और समझा है। इस पुस्तक में प्रेम, निष्ठा, अपनों को खोने का दुख और भारत में अपनेपन की तलाश जैसे अनुभवों के साथ पिछले छह दशकों में देश में आए सामाजिक और राजनीतिक बदलावों की झलक भी मिलती है।