देवास। देवास ज़िले के पुंजापुरा रेंज के रतनपुर जंगल में ड्यूटी के दौरान शहीद होने वाले फॉरेस्ट गार्ड मदनलाल वर्मा की हत्या का वीडियो सामने आया है। दरअसल मदनलाल शिकारियों का पीछा करते-करते उनका वीडियो भी रिकॉर्ड कर रहे थे। इसी दौरान शिकारियों ने उन पर गोली चलाई तो उसका वीडियो भी उनके फोन में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में शिकारियों का चेहरा नहीं दिख रहा है, लेकिन उनकी और मदनलाल वर्मा की आवाज़ें सुनाई दे रही हैं। 

अब तक सामने आई जनकारी के मुताबिक मदनलाल वर्मा गुरुवार को जंगल में बाइक पर सवार होकर गश्त लगा रहे थे। उसी दौरान उन्हें जंगल में कुछ हलचल दिखाई दी। आगे बढ़ने पर कुछ हथियारबंद शिकारी नज़र आए जो बाइक पर सवार थे। मदनलाल ने उन शिकारियों का पीछा अपनी बाइक से किया और साथ ही उनका वीडियो भी रिकॉर्ड करने लगे। फॉरेस्ट गार्ड के तौर पर अपनी ड्यूटी निभाते हुए उन्होंने शिकारियों से सरेंडर करने को कहा। लेकिन सरेंडर करने की जगह इसके बाद एक शिकारी ने बंदूक निकाली और मदनलाल वर्मा पर गोली चला दी।सीने पर गोली लगने के कारण मदनलाल वर्मा बाइक के साथ ही गिर गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। 

जब मदनलाल वर्मा देर शाम तक वापस नहीं लौटे तो उनके साथी बीट गार्ड हरीश परमार ने उनके फोन पर कॉल किया। फोन बंद आने पर उनकी तलाश शुरू हुई। आखिरकार मदनलाल के सहयोगियों को उनका लहू-लुहान शव मिला। बाद में उनके फोन को खोला गया, तो पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया। इस वीडियो में मदनलाल वर्मा और शिकारियों के बीच कहासुनी की आवाज़ भी मौजूद है। पुलिस वीडियो के आधार पर हत्यारों की तलाश में जुटी है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। इसी बीच शुक्रवार को मदनलाल वर्मा के गृह स्थान उज्जैन में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।