सीहोर। मध्य प्रदेश में शनिवार को श्रद्धा, भ​क्ति और हर्षोल्लास के साथ महा​शिवरात्रि मनाई गई। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सीहोर पहुंचे। यहां उन्होंने महाशिवरात्रि उत्सव समिति द्वारा आयोजित शिव बारात चल समारोह में हिस्सा लिया। कांग्रेस नेता ने इस दौरान प्रदेशवासियों की कुशलता की मंगलकामना की।



सीहोर महाशिवरात्रि उत्सव समिति के तत्वाधान में शनिवार शाम श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे के साथ शिव की बारात निकाली थी। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी सपत्नीक इस शिव बारात चल समारोह में शामिल हुए। इस दौरान "बम बम भोले" और "हर हर महादेव" के नारों से शहर गूंज उठा। 



यह भी पढ़ें: कांग्रेस के प्लेनरी सेशन की तैयारियां पूरी, 60 एकड़ में फैले मेला ग्राउंड में टेंट सिटी बनकर तैयार



सीहोर चल समारोह के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि नगर के शिव बारात चल समारोह में भगवान भोले नाथ की बारात शाम 4 बजे श्री बटेश्वर महादेव इंदौर नाके से प्रारंभ हुई। चल समारोह में कई अनूठे और दर्शनीय आयोजन किए गए थे साथ ही बाबा महाकाल की अलौकिक झाकियां भी निकाली गई थी।



देर शाम दिग्विजय सिंह भोपाल के शाहजहानाबाद इलाके में जय बाबा बर्फानी सेवा समिति द्वारा निकाली गई भव्य शिव बारात में भी शामिल हुए।इससे पहले शनिवार सुबह दिग्विजय सिंह ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई देते हुए ट्वीट किया, "समस्त देशवासियों को भगवान भोलेनाथ के सबसे प्रिय दिन फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि "महाशिवरात्रि" की मंगलमयी शुभकामनाएं। भगवान शंकर व माता पार्वती की अपार कृपा सब पर बरसे, सब सुखी व निरोगी रहें, यही कामना है।"





वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ ने भोपाल स्थित निवास पर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की कुशलता की कामना की। 



मुख्यमंत्री ​शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के बड़वाले महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद देर शाम वे उज्जैन भी पहुंचे।