इंदौर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री चंद्रप्रभाष शेखर का शुक्रवार को निधन हो गया है। सीपी शेखर काफी लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। इंदौर के चोइथराम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।



चंद्रप्रभाष शेखर के निधन से सियासी गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने उनके निधन पर दुख जताया है। कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'राजनैतिक जीवन में मेरे साथी, मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री चंद्रप्रभाष शेखर के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनकी मृत्यु से कांग्रेस पार्टी ने एक सच्चा सिपाही खो दिया है। मैं उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता हूँ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे और परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।'





बताया जा रहा है कि सीपी शेखर को 4 मार्च को फेफड़ों में इन्फेक्शन के कारण टी चोईथराम में भर्ती किया गया था। जहां वह वैंटिलेटर सपोर्ट पर थे। उनका पार्थिव शरीर कुछ देर में हॉस्पिटल से घर लाया जाएगा। वहीं अंतिम यात्रा कल सुबह 10 बजे निज निवास 518 खातीवाला टैंक इंदौर से रीजनल पार्क मुक्ति जाएगी।