मध्य प्रदेश के शहडोल में पुलिस वाहन देखकर तालाब में कूदे चार युवकों में से तीन की डूबने से मौत हो गई। जबकि, एक युवक किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहा। घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में हुई। मृतकों की पहचान समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस वाहन को देखकर युवक डर गए थे और तालाब में कूद गए थे। साथ ही समय पर एंबुलेंस और डॉक्टर उपलब्ध नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है। मामले की जांच के लिए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने तीन सदस्यीय समिति गठित की है।
जानकारी के मुताबिक, चारों युवक तालाब के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान वहां से पुलिस का गश्ती वाहन गुजरा। परिजनों का दावा है कि पुलिस वाहन देखकर घबराए युवक तालाब में कूद गए। हालांकि, वे किस वजह से पानी में उतरे इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर सोहागपुर और कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को बुलाकर बचाव अभियान शुरू किया गया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बचाव दल ने तीनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। चौथे युवक पुष्पेंद्र उर्फ पंकज ने तैरकर अपनी जान बचा ली। उसकी हालत गंभीर बताई गई है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। मृतक समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार शहडोल के घरौला मोहल्ले में रहने वाले थे। तीनों कांग्रेस भवन के पीछे स्थित वंशकार मोहल्ले के निवासी थे।
हादसे के बाद जिला अस्पताल में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब मृतकों के परिजन ने चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि युवकों को अस्पताल पहुंचाने के बाद भी डॉक्टर तत्काल उपलब्ध नहीं हुए। इसके अलावा घटनास्थल पर एंबुलेंस पहुंचने में देरी होने की बात भी कही गई।
रात करीब 10:30 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय अवस्थी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए अस्पताल के बाहर धरना शुरू कर दिया। अवस्थी का आरोप था कि यदि घटनास्थल पर समय से एंबुलेंस पहुंचती और अस्पताल में डॉक्टर मौजूद रहते तो युवकों को बचाने की कोशिश बेहतर तरीके से की जा सकती थी।
रात करीब 11:30 बजे एडीएम सरोधन सिंह भी जिला अस्पताल पहुंचे। उनके साथ सोहागपुर एसडीएम अमृता गर्ग और तहसीलदार दीपक पटेल मौजूद थे। अधिकारियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष, परिजनों और अन्य लोगों से बातचीत की। प्रशासन की ओर से मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। देर रात तक अस्पताल में लोगों की भीड़ जुटी रही और समझाइश के बाद स्थिति नियंत्रित हुई। हंगामा मंगलवार तड़के करीब 3 बजे तक जारी रहा था।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने त्रिस्तरीय जांच समिति बनाने के निर्देश दिए हैं। इसमें प्रशासन की ओर से एडीएम सरोधन सिंह, पुलिस विभाग से एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान और स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन डॉ. शिल्पी सराफ को शामिल किया गया है।
समिति हादसे के कारणों के साथ ही परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच करेगी। इसमें पुलिस वाहन देखकर युवकों के तालाब में कूदने की परिस्थितियों, बचाव कार्य में हुई देरी, एंबुलेंस की उपलब्धता और जिला अस्पताल में डॉक्टरों की मौजूदगी जैसे बिंदु शामिल हैं।
सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने तीन युवकों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चार युवक तालाब में कूदे थे। जिनमें से एक बाहर निकल आया और बाकी तीन की डूबने से मौत हो गई। पुलिस घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।
मंगलवार को तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने मृतकों के परिवारों को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके तहत तीनों परिवारों को कुल 75 हजार रुपये दिए जाएंगे।