सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में अमावस्या पर मां नर्मदा में स्नान के लिए बरमान जा रहे श्रद्धालुओं की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। देवरी क्षेत्र में अर्टिगा कार (MP 15 CA 8417) की कंटेनर से टक्कर हो गई। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई। जबकि, कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर रुके लोगों के बीच एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे उस पर सवार तीन लोग भी घायल हो गए।
पहली दुर्घटना में जान गंवाने वालों में बहेरिया निवासी माखन पिता मिहिलाल यादव (56), संतोष तिवारी और नीरज मिश्रा शामिल हैं। चौथे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। वह सागर के सुभाष नगर का निवासी बताया गया है।
कंटेनर और कार की भिड़ंत के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। सड़क से गुजर रहे कुछ वाहन चालक भी दुर्घटना देखने के लिए रुक गए। इसी दौरान वहां से निकले एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर रामनाथ शर्मा (54), बालचंद अहिरवार (62) और उनकी पत्नी उषा (58) सवार थी। तीनों इस दूसरी दुर्घटना में घायल हो गए।
दोनों हादसों में घायल आठ लोगों को तत्काल देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) रेफर कर दिया गया।
अर्टिगा कार में सवार घायलों में सागर निवासी अनिकेश शर्मा (20), बांदरी के नेतरा निवासी रामगोपाल, नरयावली के भैंसा निवासी देवेंद्र सेन (55), रामनगर निवासी राहुल नामदेव (32) और प्रहलाद विश्वकर्मा शामिल हैं। वहीं, बाइक दुर्घटना में घायल रामनाथ शर्मा भैंसा निवासी हैं। बालचंद अहिरवार और उनकी पत्नी उषा भी इसी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
घटना की सूचना मिलने पर देवरी थाना पुलिस के साथ एसडीएम मुनव्वर खान भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के इलाज की व्यवस्था और उनकी स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटाई है।
फिलहाल पुलिस कंटेनर से कार की टक्कर के कारणों की जांच कर रही है। इसके अलावा बाइक को टक्कर मारकर मौके से निकलने वाले अज्ञात वाहन की तलाश भी की जा रही है। जिस यात्रा के लिए श्रद्धालु घर से निकले थे, वह हादसे के कारण कई परिवारों के लिए गहरे दुख में बदल गई।