भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश में किसानों के लिए गुणवत्तायुक्त प्रमाणित सोयाबीन बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने, दूसरे राज्यों में बीज के निर्यात/परिवहन पर रोक लगाने तथा बीज प्रमाणीकरण संस्था में कथित अनियमितताओं की जाँच कराने की मांग की है।
पूर्व सीएम सिंह ने अपने पत्र में कृषि सलाहकार परिषद, मध्यप्रदेश के पूर्व सदस्य केदार सिरोही द्वारा भेजे गए ईमेल का उल्लेख करते हुए कहा है कि किसानों को समय पर उचित मूल्य पर प्रमाणित बीज उपलब्ध न होने से कृषि उत्पादन और किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश में सोयाबीन उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य है, इसलिए किसानों के हितों की रक्षा के लिए यह आवश्यक है कि प्रदेश में प्रमाणित बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा बीज प्रमाणीकरण प्रक्रिया में यदि किसी प्रकार की अनियमितता हो रही हो तो उसकी निष्पक्ष जाँच कर उचित कार्रवाई की जाए। दिग्विजय सिंह जी ने मुख्यमंत्री से मांग किया है कि किसानों के हितों से जुड़े इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कदम उठाए जाएँ।