ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। ग्वालियर के सिरौल रोड स्थित डीबी सिटी के पास एक भैंस ने बीच सड़क पर गोबर कर दिया। इसके बाद नगर निगम के अफसर भैंस के मालिक के घर पहुंच गए। उन्होंने भैंस के गोबर करने की वजह से उसके मालिक पर पूरे दस हज़ार रुपए का जुर्माना लगा दिया। 

दरअसल जिस जगह भैंस ने गोबर किया वहां पर सड़क निर्माण का कार्य चल रहा था। उसी समय बेताल सिंह की भैंस वहां पर पहुंच गई और उसने गोबर कर दिया। उस जगह मौजूद नगर निगम के अधिकारियों ने भैंस को वहां से हटाने की बहुत कोशिश की। लेकिन लाख कोशिशों के बावजूद भैंस नहीं हटी। इन सबके बीच भैंस के मालिक बेताल सिंह वहां आ गए और भैंस को कुछ ही दूरी पर स्थित अपने घर ले गए। 

पूरे घटनाक्रम के दौरान निगमायुक्त संदीप माकिन भी उसी जगह पर मौजूद थे। यह सब देखकर निगमायुक्त का गुस्सा कुछ ऐसा फूटा कि उन्होंने अधिकारियों से बेताल सिंह के घर जाकर जुर्माना वसूलने का आदेश दे दिया। फिर क्या था, अधिकारी बेताल सिंह के घर गए और उन पर दस हज़ार रुपए का जुर्माना लगा दिया। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नगर निगम अधिकारियों ने शहर में स्वच्छता को लेकर सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। शहर में गंदगी को रोकने के लिए ऐसे ही सख्त कार्रवाई होने के आसार हैं। लेकिन इन सबके बीच सवाल यही उठता है कि आखिर एक गरीब व्यक्ति पर दस हज़ार रुपए का जुर्माना वसूला जाना कहां तक उचित है ? भैंस के मालिक की मनोदशा आप ऊपर की तस्वीर से समझ सकते हैं। बेताल सिंह इस घटना के बाद काफी डरे हुए हैं।