मध्य प्रदेश में इस बार नौतपा की शुरुआत तेज गर्मी के साथ आंधी और बारिश से हुई है। सोमवार को भोपाल, उमरिया और दमोह समेत 15 से ज्यादा जिलों में मौसम का मिला जुला असर देखने को मिला। यहां कहीं भीषण गर्मी रही तो कहीं बारिश और तेज हवाओं ने राहत दी। मौसम विभाग ने 28 मई से प्रदेश में प्री मानसून गतिविधियों के संकेत दिए हैं। विभाग के मुताबिक, उत्तरी और दक्षिणी मध्य प्रदेश के 14 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
हालांकि, बारिश के संकेतों के बावजूद अगले तीन दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। मंगलवार के लिए निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना जिलों में तीव्र लू का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, भोपाल, ग्वालियर सहित कुल 45 जिले हीटवेव की चपेट में रहेंगे। इंदौर और नर्मदापुरम संभाग में तापमान में हल्की राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें:2 हफ्तों में चौथी बार बढ़े CNG के दाम, IGL ने ईंधन के दर में की 2 रुपए की बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, नौतपा के दौरान प्रदेश में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव सबसे अधिक गर्म शहरों में शामिल हैं। सोमवार को खजुराहो में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह अब तक का सबसे अधिक तापमान बताया जा रहा है। नौगांव में 46.8 डिग्री, दतिया में 45.6 डिग्री, मंडला में 45.5 डिग्री और टीकमगढ़ में 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मलाजखंड, सतना, दमोह, रीवा, राजगढ़, गुना और शाजापुर में भी तापमान 44 डिग्री से ऊपर पहुंच गया।
प्रदेश के बड़े शहरों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया था। ग्वालियर में अधिकतम तापमान 44 डिग्री, जबलपुर में 43.9 डिग्री और भोपाल में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, इंदौर और उज्जैन में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा था।
मौसम विभाग ने अलग-अलग जिलों के लिए हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है। रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर, गुना, नरसिंहपुर, आगर-मालवा, राजगढ़, भिंड और दतिया में तीव्र लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, भोपाल, ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, विदिशा, रायसेन, सीहोर, उज्जैन, मंदसौर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, शहडोल और छिंदवाड़ा समेत 22 जिलों में लू का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इंदौर, देवास, धार, बड़वानी, हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल सहित 10 जिलों में तेज गर्मी का असर रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच गर्मी का असर सबसे ज्यादा रहेगा। उन्होंने लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और शरीर को हाइड्रेट रखने की सलाह दी है। साथ ही हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। विशेषज्ञों ने लोगों को खानपान में भी बदलाव करने की सलाह दी है। शरीर को ठंडा रखने वाले फल और तरल पदार्थों का सेवन बढ़ाने, धूप में निकलते समय सिर ढंकने और लंबे समय तक खाली पेट नहीं रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें:अमृतसर में कॉमेडियन कपिल शर्मा के घर के बाहर फायरिंग, कनाडा में भी कैफे पर हो चुके हैं हमले
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 31 मई तक प्रदेश में गर्मी अपने चरम पर रह सकती है। हालांकि, 28 मई को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी जिलों में हल्की बारिश और गरज चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी नौतपा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उनका कहना है कि इस मौसम में डीहाइड्रेशन, चक्कर, थकान और हीट स्ट्रोक का खतरा तेजी से बढ़ जाता है। खासकर क्रॉनिक बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए यह समय अधिक जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे लोगों को शरीर में कमजोरी, तेज बुखार, उलझन, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक पसीना जैसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
यह भी पढ़ें:भोपाल के रचना टॉवर में भीषण आग, इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से पार्किंग में खड़ी कारें जलीं