भोपाल के रचना टॉवर में भीषण आग, इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से पार्किंग में खड़ी कारें जलीं
भोपाल के रचना टॉवर में सोमवार दोपहर एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ने पास खड़ी कार और अन्य वाहनों को भी चपेट में ले लिया।
भोपाल। राजधानी भोपाल के रचना नगर स्थित बहुमंजिला आवासीय परिसर रचना टॉवर में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़क गई। आग ने देखते ही देखते आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने के कुछ ही मिनटों में लपटें तेजी से फैलने लगी थी। स्कूटी के पास खड़ी एक कार सहित अन्य दोपहिया वाहन भी आग की चपेट में आ गए। आग बढ़ने के दौरान टायर और वाहनों की टंकियों के फटने जैसी तेज आवाजों से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए और कॉलोनी में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें:रीवा में जैन साध्वियों की मौत पर आक्रोश, संत सुरक्षा नीति की मांग को लेकर देशभर में प्रदर्शन
चूंकि आग इमारत के निचले हिस्से में लगी थी, इसलिए उससे उठने वाला घना और जहरीला धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया। बिल्डिंग की खिड़कियों और बालकनियों से धुआं निकलता देख रहवासी घबरा गए। कई परिवारों ने बच्चों और महिलाओं के साथ जल्दबाजी में फ्लैट खाली किए और सीढ़ियों के जरिए बाहर निकले। स्थानीय लोगों और दमकल कर्मियों की तत्परता के चलते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रचना टॉवर ओल्ड सुभाष नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित है जो एमपी नगर, सुभाष फाटक और अशोका गार्डन जैसे व्यस्त इलाकों को जोड़ता है। इसी मार्ग से भोपाल, इंदौर, रायसेन और जबलपुर की ओर जाने वाली रोडवेज बसों का संचालन भी होता है। दोपहर के व्यस्त समय में हादसा होने के कारण सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय थाना पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने दमकल वाहनों के लिए रास्ता खाली कराया और यातायात को नियंत्रित कर मार्ग को धीरे-धीरे सामान्य किया।
यह भी पढ़ें:देश में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, दिल्ली में पेट्रोल 102 रुपए और डीजल 95.20 रुपए हुआ




