बैतूल। gमध्य प्रदेश के बैतूल के कोतवाली थाना क्षेत्र में इटारसी रोड पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बैतूल के गंज और रामनगर क्षेत्र में रहने वाले पांच दोस्त रात में एक ढाबे पर भोजन करने के बाद कार से वापस बैतूल लौट रहे थे। इसी दौरान इटारसी रोड पर बसंत पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़ी एक क्रेन से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सभी युवक उसमें फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार के शीशे तोड़कर घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से सभी को जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसे में गर्ग कॉलोनी निवासी ऋतिक सोलंकी (30), रामनगर निवासी विनय प्रजापति (21) और अभय ठाकुर (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंज निवासी देवा पांडे (32) और रामनगर निवासी आकाश पाल (30) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आकाश पाल की हालत बिगड़ने पर उसे नागपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक ऋतिक सोलंकी भोपाल में किराये का वाहन चलाने का कार्य करता था। जबकि, अभय ठाकुर एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर सड़क किनारे खड़ी क्रेन से टक्कर को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।