देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो की ऑनलाइन सेवाएं शुक्रवार को एक बार फिर तकनीकी गड़बड़ी का शिकार हो गई। एयरलाइन की वेबसाइट पर फ्लाइट बुकिंग के दौरान कई यात्रियों को नो डेटा अवेलेबल का मैसेज दिखाई दिया। जबकि, कुछ यूजर्स मोबाइल ऐप में लॉगिन भी नहीं कर सके। बुकिंग के अलावा वेब चेक इन और पेमेंट कन्फर्मेशन में भी परेशानी की शिकायतें सामने आई हैं। इस हफ्ते इंडिगो के डिजिटल प्लेटफॉर्म में यह दूसरी बड़ी गड़बड़ी है।

इंडिगो ने अपनी वेबसाइट पर सर्विस एडवाइजरी जारी कर बताया कि उसके सिस्टम में रुक रुककर तकनीकी समस्या आ रही है। इसके कारण कुछ ग्राहकों को ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है। एयरलाइन ने कहा कि उसकी टेक्निकल टीमें समस्या को जल्द से जल्द दूर करने के लिए काम कर रही हैं।

यह भी पढ़ें:MP में भारी बारिश से बाढ़ के हालात, कई जिलों में स्कूल बंद, 16 जिलों में अलर्ट जारी

इंडिगो ने यात्रियों से फिलहाल कुछ समय इंतजार करने और उसके बाद वेबसाइट या दूसरे डिजिटल चैनलों के जरिए दोबारा कोशिश करने को कहा है। जिन यात्रियों को तुरंत यात्रा से जुड़ी सहायता चाहिए उन्हें कस्टमर सपोर्ट हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी गई है। वहीं, जिनकी यात्रा बाद में है उनसे कुछ समय बाद ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने को कहा गया है।

शुक्रवार को कई यात्रियों ने इंडिगो के एक्स अकाउंट पर अपनी परेशानियां साझा की। यात्रियों ने टिकट बुकिंग फेल होने, वेब चेक इन नहीं हो पाने और भुगतान करने के बाद कन्फर्मेशन नहीं मिलने की शिकायत की। कुछ यूजर्स ने ऐप में लॉगिन से जुड़ी समस्या भी बताई।

इंडिगो की डिजिटल सेवाओं में यह परेशानी बुधवार को सामने आई तकनीकी समस्या के महज दो दिन बाद हुई है। बुधवार को एयरलाइन ने खुद जानकारी दी थी कि उसके मुख्य रिजर्वेशन सिस्टम में गड़बड़ी हो रही है। इसके चलते कुछ ग्राहकों को ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी हो सकती है।

यह भी पढ़ें:इंदौर के सयाजी होटल की किचन में मिली गंभीर गड़बड़ियां, एक साथ रखे मिले वेज और नॉन वेज सामग्री

उस समय इंडिगो ने बताया था कि समस्या को ठीक करने के लिए वह अपने टेक्नोलॉजी पार्टनर के साथ मिलकर काम कर रही है। हालांकि, कंपनी ने उस तकनीकी गड़बड़ी की सटीक वजह सार्वजनिक नहीं की थी। शुक्रवार को दोबारा समस्या सामने आने के बाद ऑनलाइन बुकिंग और यात्रा प्रबंधन पर निर्भर यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई।

इंडिगो घरेलू यात्री बाजार में सबसे बड़ी एयरलाइन है। जुलाई में भारतीय घरेलू विमानन बाजार में उसकी हिस्सेदारी करीब 67 प्रतिशत रही थी। एयरलाइन का नेटवर्क भी देशभर में बड़ा है। ऐसे में उसके बुकिंग और रिजर्वेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी आने पर टिकट खरीदने, ऑनलाइन चेक इन करने और मौजूदा बुकिंग मैनेज करने वाले बड़ी संख्या में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

बार-बार डिजिटल सेवाओं में आ रही रुकावट ने इंडिगो के टेक्नोलॉजी और रिजर्वेशन सिस्टम की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, शुक्रवार को सामने आई तकनीकी समस्या का एयरलाइन के दिसंबर में हुए बड़े परिचालन संकट से सीधे तौर पर कोई संबंध नहीं बताया गया है।

यह भी पढ़ें:जंतर-मंतर प्रोटेस्ट में पुलिस एक्शन पर SC सख्त, 5 सदस्यीय हाई पावर कमेटी करेगी जांच

इंडिगो को पिछले साल दिसंबर में बड़े परिचालन संकट का सामना करना पड़ा था। पायलट रोस्टर प्लानिंग से जुड़ी समस्याओं के बाद एयरलाइन की करीब 4,500 उड़ानें रद्द हुई थी। इसके चलते हजारों यात्रियों को परेशानी हुई और देशभर में हवाई यातायात प्रभावित हुआ था। इस घटना के बाद नियामक स्तर पर मामले की जांच हुई और उड़ानें रद्द होने को लेकर एयरलाइन के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी। दिसंबर की घटना संचालन से जुड़ी थी। जबकि, शुक्रवार की परेशानी मुख्य रूप से इंडिगो की वेबसाइट, ऐप और ऑनलाइन रिजर्वेशन सेवाओं में तकनीकी गड़बड़ी से संबंधित है।