जयपुर। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका को स्कूलों का निरीक्षण तब भारी पड़ गया जब जयपुर में ग्रामीणों ने उनपर हमला कर दिया। रांका और उनके साथियों के साथ जयपुर में ग्रामीणों ने मारपीट की। रांका शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बगरू के राजकीय प्राथमिक स्कूल रामपुरा कंवरपुरा का निरीक्षण करने पहुंचे थे। तभी ग्रामीणों ने उन्हें पीटकर वहां से खदेड़ दिया। उनकी गाड़ियों पर भी पथराव किया गया। रांका के साथ मौजूद महिला समर्थकों पर गांव की महिलाओं ने मिट्टी फेंकी।

आशुतोष रांका ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि हमले में गाड़ियों के शीशे और मोबाइल तोड़े गए, एक महिला से मारपीट हुई और उनकी शर्ट फाड़ दी गई। टीम के एक सदस्य का हाथ फ्रैक्चर हुआ है। रांका ने कहा, 'ये शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के कहने पर हुआ है। 48 घंटे का अल्टीमेटम दे रहे हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी हो और स्कूल निरीक्षण रोकने का आदेश वापस लिया जाए। ऐसा नहीं हुआ तो पूरे राजस्थान में आंदोलन करेंगे और दिलावर के इस्तीफे की मांग करेंगे।'

इससे पहले सुबह करीब 8 बजे CJP के कुछ कार्यकर्ताओं से ग्रामीणों की धक्का-मुक्की हुई थी। ग्रामीणों ने उन्हें गांव से बाहर निकाल दिया। CJP के विरोध में नारे लगाते हुए ग्रामीण सरकारी स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने गांव के मुख्य रास्ते पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर घेराबंदी कर दी और आने-जाने वाली गाड़ियों की जांच शुरू कर दी।

बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके पर भी 15 जून 2026 को जयपुर में हमला हुआ था। अभिजीत नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन में शामिल होने आए थे। यहां कुछ युवकों ने उन्हें थप्पड़ मारे थे। इसके बाद सीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें पकड़कर पीट दिया था।