मध्यप्रदेश के होशंगाबाद में एक ही परिवार के पांच लोगों की नर्मदा में डूबने से मौत की खबर है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य गंगा दशहरा के मौके पर नर्मदा नदी में नहाने गए थे। डूबते हुए बच्चे को बचाने के दौरान एक के बाद एक पांच लोग बहती नदी में समा गए। इस दौरान तीन  की मौत हो गयी वहीं एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं सिवनी मालवा में भी भिलाड़िया घाट पर नर्मदा में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हुई है।

गौरतलब है कि गंगा दशहरा के अवसर पर श्रद्धालु नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर नहाने आते हैं। इस वर्ष लॉकडाउन के कारण सेठानी घाट पर नहाने पर रोक है, इसलिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु बांद्राभान फोरलेन के पास नर्मदा नदी में नहाने जुटे थे। इनमें जिले के रायपुर गांव के एक परिवार के 5 सदस्य आए थे। इस दौरान एक बच्ची डूबने लगी जिसे बचाने के क्रम में पांच सदस्य डूब गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने एक महिला वैशाली चंद्रौल को बचा लिया। घटना में 13 वर्षीय सिद्धी, आयुष और निर्मेश चंद्रौल की मृत्‍यु हो गई है।

डीआईजी अरविंद सक्सेना ने बताया कि फोरलेन रोड के पास ओवरब्रिज है, यहां नहाने का कोई घाट नहीं है। दुर्भाग्यवश परिवार के लोग वहां नहाने चले गए थे जिसके बाद यह घटना हुई। सुरक्षित निकाले गए महिला व बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

भिलाड़िया घाट पर डूबने से युवक की मौत

सिवनी मालवा के शिवपुर थाना अंतर्गत भिलाड़िया घाट पर गंगा दशहरा के अवसर पर नहाने गए एक युवक की नर्मदा में डूबकर मरने की सूचना है। बताया जा रहा है कि तमोली निवासी मृतक सचिन अपने दोस्त के साथ यहां नहाने आया था जिस दौरान पैर फिसलने की वजह से वो गहरे पानी में चला गया जिससे उसकी मौत हो गयी। यहां हर साल गंगा दशहरे के मौके पर लोग नहाने आते हैं। बताया जा रहा है कि इसकी जानकारी होने के बाद भी पुलिस या प्रशासन द्वारा वहां सुरक्षा के कोई व्यवस्था नहीं कि गयी थी।