अशोकनगर। मध्य प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। मौसम की मार से किसान त्रस्त हैं। आलम ये है कि अशोकनगर जिले के मुंगावली थाना क्षेत्र के महौली गांव में फसल खराब होने से परेशान किसान ने आत्महत्या कर ली। मृतक किसान के ऊपर कर्ज भी था।

माहौली गांव में 60 वर्षीय किसान शिवराज सिंह ने कर्ज और फसल खराब होने से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। किसान का शव उसके ही खेत के पास एक पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक किसान शिवराज सिंह रविवार सुबह अपने घर से निकले थे। कुछ देर बाद जब गांव के लोग खेतों की तरफ गए, तो उन्होंने शिवराज को पेड़ से लटकता देखा। यह देख लोगों ने तुरंत इसकी सूचना गांव में दी। सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य और ग्रामीण रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे।

घटना की जानकारी मल्हारगढ़ चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगावली सिविल अस्पताल भेजा। 

मृतक के परिजनों ने बताया कि कुछ दिनों पहले क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि के कारण फसल बर्बाद हो गई थी। शिवराज सिंह इस बात से दुखी था। परिजनों के अनुसार, उन पर पहले से भी कुछ कर्ज था और खरीफ सीजन की फसल भी अच्छी नहीं हुई थी। लगातार हो रहे नुकसान के कारण वे गहरे तनाव में थे।