सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) बुधवार शाम भारत समेत कई देशों में अचानक ठप हो गया। जिससे लाखों यूजर्स को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यूजर्स न तो अपनी फीड रिफ्रेश कर पा रहे थे और न ही प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए लिंक एक्सेस कर पा रहे थे। हालांकि, करीब एक घंटे बाद रात 9:20 बजे के आसपास सेवाएं फिर से सामान्य हो गईं।

आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट Downdetector के मुताबिक, भारत में शाम 8:17 बजे तक 1,227 से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई थी। इसके कुछ ही देर बाद रात 8:30 बजे तक यह संख्या बढ़कर 4,500 से अधिक हो गई थी। जिससे यह साफ हुआ कि समस्या तेजी से फैल रही थी।

यूजर्स ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर नोटिफिकेशन तो मिल रहे थे लेकिन फीड अपडेट नहीं हो रही थी। मोबाइल ऐप पर कई लोगों को “Cannot retrieve posts at this time. Please try again later.” जैसा मैसेज भी दिखाई दिया था। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 55 प्रतिशत शिकायतें मोबाइल ऐप से जुड़ी थी। जबकि, 37 प्रतिशत यूजर्स को वेबसाइट पर दिक्कत आई थी।

यह समस्या सिर्फ भारत तक सीमित नहीं रही। अमेरिका में भी पिछले 30 मिनट में 14,000 से ज्यादा यूजर्स ने आउटेज की शिकायत दर्ज कराई। इससे पहले फरवरी में भी इसी प्लेटफॉर्म पर वैश्विक स्तर पर बड़ी तकनीकी गड़बड़ी देखी गई थी। जिसमें 42,000 से ज्यादा यूजर्स प्रभावित हुए थे। इनमें खासकर अमेरिका और ब्रिटेन के यूजर्स थे। फिलहाल सेवाएं बहाल हो चुकी हैं लेकिन इस अचानक आई तकनीकी समस्या को लेकर कंपनी या इसके मालिक एलन मस्क की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।