छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर में एटीएम वैन लूट मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। एटीएम में कैश लोड करने आ रही वैन से 61 लाख रूपए की लूट की गई थी। इसमें कई हैरान करने वाली जानकारी सामने आई है। दरअसल जिस कंपनी को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी। उसी कंपनी के फ्रेंचाइजी संचालक मनीष अहिरवार ने अपने दो सगे भाइयों संग इस लूटपाट की साजिश की।
मामले में पुलिस ने रविवार को सभी चारों आरोपी को गिरफ्त में लिया है। इनमें फ्रेंचाइजी संचालक मनीष के साथ ही उसके भाई पुष्पेंद्र और प्रदीप सहित मामा के बेटे रवि अहिरवार का नाम सामने आया है। पुलिस ने जानकारी दी की चारों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया है। इस लूट का मास्टरमाइंड मनीष था। उस पर एक्सिस बैंक का 53 लाख रुपए का कर्ज था। साथ ही इंडिया वन एटीएम फ्रेंचाइजी से 17 लाख रुपए का विवाद भी लंबे समय से चल रहा था।
यह भी पढ़ें: सतना में यूरिया की किल्लत से किसान परेशान, रोपाई के एक महीने बाद भी नहीं मिल रही खाद
यह घटना गौरिहर थाना इलाके के गहबरा-सिचहरी क्षेत्र की है। गौरिहार थाना प्रभारी संदीप दीक्षित ने कहा कि मनीष हितार्थ कंपनी का संचालक था। उस पर 13 लाख रुपए लोड करने की जवाबदारी थी। पुलिस ने आरोपियों से 61 लाख नकदी, 315 बोर का अवैध कट्टा, 5 मोबाइल फोन, एक बाइक सहित कार बरामद की है। बता दें इस घटना के तुरंत बाग पुलिस ने लुटेरों पर 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।