इंदौर| शहर में थूकने को लेकर शुरू हुआ विवाद खून-खराबे में बदल गया। तीन युवकों ने ढाबा संचालक की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि उसका छोटा भाई और दोस्त घायल हो गए। घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे हुई। पुलिस ने आरोपियों को उनकी बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर सोमवार तड़के गिरफ्तार कर लिया।

नंदानगर निवासी लेखराज (30) और उसका छोटा भाई शुभम (22) मेघदूत गार्डन के पास राजा राम मिनी ढाबा चलाते थे। रविवार देर रात ढाबा बंद करने के बाद वे अपने साथी बंटी (30) के साथ घर लौट रहे थे। रास्ते में नेहरू नगर निवासी जगदीश सिसोदिया, अंजनी नगर के पवन रजक और राज अहिरवार से मुलाकात हुई, जो शराब पीकर बाइक से जा रहे थे। आरोप है कि उन्होंने लेखराज के पैर के पास थूक दिया, जिस पर रोक-टोक के बाद बहस और हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।

हमले में लेखराज के सीने में गहरा वार हुआ और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शुभम और बंटी के हाथ-पैर में भी चोटें आईं और उन्हें भर्ती कराया गया। परिजनों ने बताया कि लेखराज ने तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था और कुछ समय पहले ही उसकी बेटी बीमारी के चलते चल बसी थी।