इंदौर के डॉ निशांत खरे को बीजेपी ने प्रदेश कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. निशांत खरे यूं तो प्रदेश बीजेपी में उपाध्यक्ष हैं लेकिन उन्हें प्रदेश कार्यालय प्रभारी बना कर पार्टी ने कई संदेश दिए हैं। प्रदेश कार्यालय प्रभारी का पद लगभग एक साल से रिक्त था। इस पद पर नियुक्ति के लिए पार्टी ने समय लिया। अब डॉ. निशांत खरे की राजनीतिक आकाश और जमीन के आधार पर इस नियुक्त के मायने तलाशे जा रहे हैं।
कोविड के दौरान किए गए कार्यों के आधार पर डॉ. निशांत खरे इंदौर से महापौर के लिए संघ की पहली पसंद थे। मगर स्थानीय कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय ने उन्हें टिकट देने पर एतराज जताया था। कैलाश विजयवर्गीय का कहना था कि पार्टी ऐसे व्यक्ति को टिकट दे जिसे जनता भी जानती हो। लोकप्रियता के पैमान पर डॉ. निशांत खरे कुछ कम पड़ गए थे। महापौर का टिकट नहीं मिला तो तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें युवा आयोग का अध्यक्ष बना दिया था।
हेमंत खंडेलवाल के बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्हें प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष और ग्वालियर का प्रभारी बनाया गया था। अब जब कार्यालय प्रभारी बनाने की बारी आई तो अन्य उपाध्यक्षों और महामंत्रियों के बीच से डॉ. निशांत खरे के नाम पर मोहर लगी। इस नाम के चयन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मुख्य भूमिका मानी जा रही है।
ये सब निष्कर्ष अपनी जगह लेकिन इंदौर की राजनीति में डॉ. निशांत खरे का ताकतवर होना कहीं न कहीं कैलाश विजयवर्गीय के वर्चस्व को कम करने जैसा निर्णय है। माना जा रहा है कि जिस तरह पार्टी युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए वरिष्ठ नेताओं को साइड लाइन कर रही है उसी तरह यह निर्णय भी लिया गया है। सवाल यही उठ रहा है कि क्या नरोत्तम मिश्रा के बाद अब कैलाश विजयवर्गीय का नम्बर है?
किसानों पर बोले सांसद जर्नादन मिश्रा तो केदार सिरोही ने दिखाया आईना
अपने बयानों के कारण विवादों में घिरे रहने वाले रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा का एक भाषण वायरल हो रहा है। गोवर्धन पूजा के अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा है कि किसान साल में केवल तीन महीने मेहनत करता है, जबकि बाकी नौ महीने ताश की पत्ती, राजश्री, बोतल, चोगी और 'जय भोले' में समय बिताता है।
सांसद जनार्दन मिश्रा का यह बयान किसानों की मेहनत और दिनचर्या पर नकारात्मक टिप्पणी की तरह देखा गया। किसानों पर हुई इस टिप्पणी पर किसान नेता केदार सिरोही ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने लिखा है कि बड़ा सवाल है की विधायक और सांसद को चुनने से किसानों को क्या फायदा है? ये चुने जाने के बाद एक भी दिन किसानों के लिए काम नहीं करते और किसानों से काम का हिसाब मांगते है। असल बात यह है कि किसान अपनी वोटिंग जब किसानों के मुद्दों पर शुरू कर देगा तो यह सब हिसाब मांगने वाले घर-घर जा कर अपने काम का हिसाब देंगे।
केदार सिरोही ने सांसद जनार्दन मिश्रा के 12 वर्षों का संसदीय लेखा-जोखा पेश करते हुए लिखा है कि सांसद 16वीं लोकसभा में 38 बार बोले, 17 वीं लोकसभा में 39 बार बोले, 18वीं लोकसभा मे अब तक 18 बार बोले हैं। यानी 12 साल में कुल 95 बार ही वे संसद में बोल पाए हैं। किसानों के काम का हिसाब माँगने वाले सांसद जनार्दन मिश्रा संसद में अपने काम को देख लें।
रैली तक सिमटा लोकतंत्र बचाओ आंदोलन
कांग्रेस के खिलाफ देशव्यापी माहौल बनाने और के लिए शुरू किया गया बीजेपी का लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान क्या उन रैलियो तक सिमट कर रह गया है जिसमें बड़े नेताओं ने शिरकत की? यह सवाल बीजेपी के आंदोलन की तैयारी और उसके परिणाम को देख कर उभर रहा है। पार्टी ने तय किया था कि कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्रों के कॉलेजों व स्कूलों में युवा संवाद और गोष्ठियों के आयोजन होंगे।
तय किया गया था कि युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विषयों पर तथ्यात्मक जानकारी दी जाएगी। ‘घुसपैठिया हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ कार्यक्रम के जरिये घुसपैठ और मतदाता सूची पुनरीक्षण की वास्तविकता बताई जाएगी। इसके तहत बूथ स्तर पर कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को अपना पक्ष बताएंगे। जिला और विधानसभा स्तर पर पदयात्राएं निकाली जाएंगी।
जबलपुर, इंदौर और भोपाल में निकाली गई रैलियों की चर्चा तो हुई लेकिन अन्य आयोजन औपचारिक बन कर रह गए। स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम कब और कहां आयोजित हुए, इसकी जानकारी बीजेपी के कई प्रमुख पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को नहीं लग पाई। जिम्मेदार त्यौहार सीजन को देखते हुए आयोजन की टाइमिंग को दोष दे रहे हैं।
सिर्फ एक दिन बात कह कर फंस गए महापौर
दीवाली की रात इंदौर प्रदूषण में पहले नंबर पर आ गया। स्वच्छता में नंबर एक इंदौर को पटाखों के धुएं ने धुंध की चादर में ढंक दिया। रात 10 बजे बाद कई इलाकों में ट्रैफिक सिग्नल तक दिखाई नहीं दे रहे थे। अनुमान के मुताबिक, इस बार पिछले साल की तुलना में करीब डेढ़ गुना ज्यादा पटाखे जलाए गए। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि पटाखों से निकलने वाले हानिकारक सूक्ष्म कण फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को प्रदूषण से बचने की सलाह दी।
इन हालातों में पटाखों को प्रोत्साहित करने वाले बीजेपी नेताओं के बयानों की तीखी आलोचना हुई। इस विरोध के बीच इंदौर के महापौर डॉ. पुष्यमित्र भार्गव ने वीडियो जारी कर कहा कि "दीपावली की खुशियों को एक्यूआई से मत नापिए। एक्यूआई एक दिन बढ़ गया तो क्या हो गया? हमने सुबह 3 बजे से सफाई करा दी, पानी छिड़क दिया, ठीक हो गया।"
इसके बाद जनता का गुस्सा फूट पड़ा। उनके बयान के विरोध में टिप्पणियां होने लगी। एक प्रतिक्रिया यूँ थी, फूटेंगे बम फटाके तो आयेंगे कई फेफड़े जद में। सिर्फ यह हमारे फेफड़े थोड़ी है। कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष विवेक खंडेलवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि महापौर जी, आप सड़कों से कचरा तो हटा सकते हो, पर फेफड़ों के अंदर जो धुआं जमा हो गया है, उसको कैसे निकालोगे? आप बार-बार कहते हैं कि हमने 10 लाख पौधे लगा दिए, 15 लाख लगा दिए, 50 लाख लगा दिए। अगर आपने सच में इतने पौधे लगाए होते, तो इंदौर आज प्रदूषण में भारत में प्रथम नंबर पर नहीं आता। आप जहरीला पानी देते हैं, तब जिम्मेदारी नहीं लेते।आप जहरीली हवा दे रहे हैं, तब भी जिम्मेदारी नहीं ले रहे हैं। पहले आप जिम्मेदारी लीजिए, उस पर काम करिए, उसके बाद भाषण दीजिए। इंदौर को भाषण नहीं, सांस लेने लायक हवा चाहिए।