इंदौर। इंडिगो के विमान की इंदौर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाले इंडिगो के विमान को रवाना होने के लगभग 45 मिनट के बाद ही एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा। विमान में तकनीकी खराबी होने के कारण एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई। विमान में कुल 66 यात्री सवार थे। विमान की गड़बड़ी ठीक होने पर करीब तीन घंटे बाद उसे फिर से रवाना किया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इंडिगो ने गुरुवार सुबह 7.06 बजे एयरपोर्ट से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के बाद जब विमान हवा में पहुंचा तब विमान के पायलट को विमान में तकनीकी खराबी होने की आशंका हुई। हवा में लगभग 30 माइल की दूरी का सफर तय करने पर पायलट को विमान में गड़बड़ी का पता चला। पायलट ने फौरन एटीसी से संपर्क कर विमान में गड़बड़ी की सूचना दी। 

पायलट द्वारा तकनीकी खराबी की जानकारी दिए जाने के बाद एटीसी ने विमान को लैंडिंग की अनुमति दे दी। विमान 7.49 बजे एयरपोर्ट पर लैंड कर लिया। इसके बाद एयरपोर्ट की टेक्निकल टीम ने विमान को ठीक किया। विमान के ठीक होने के बाद विमान को एक बार फिर 10.23 बजे मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया।