इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस नेता और इंदौर जिला कांग्रेस सेवादल के कार्यवाहक अध्यक्ष विवेक खंडेलवाल ने रेल मंत्रालय और IRCTC पर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बीते कुछ दिनों से नेपाल में अस्थिरता का माहौल है और हिंसा रुकने की बजाय लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बढ़ती हिंसा के चलते वहां तख्तापलट हो चुकी है और हजारों भारतीय नागरिक वहां फंसे हुए हैं। ऐसी स्थिती के बीच भी IRCTC नेपाल यात्रा के लिए पैकेज बेच रहा है। 

खंडेलवाल ने अपने आधिकारीक ट्वीटर हैंडल पर पोस्ट के जरिए रेल मंत्रालय पर आरोप लगाया है। उन्होंने बुधवार सुबह एक पोस्ट किया जिसमें उन्होंने IRCTC के नेपाल टूर पैकेज की जानकारी वाला फोटो लगाकर लिखा, 'नेपाल में हिंसा हो रहा है, तख्ता पलट हो चुका है, कई भारतीय वहां फंसे हैं, और IRCTC वहां 10 दिन की यात्रा के लिए पैकेज दे रहा है, क्या यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी विभाग लेगा या यात्रियों की जान से ज्यादा पैसा है।' 

इसके साथ ही उन्होंने पोस्ट में IRCTC, रेल मंत्रालय और भारतीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को भी टैग किया है। पोस्ट के जरिए इंदौर जिला कांग्रेस सेवादल के कार्यवाहक अध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि रेल मंत्रालय को लोगों के सुरक्षा की कोई परवाह नहीं है उन्हें केवल पैसे से मतलब है। उन्होंने अपने ट्वीट के माध्यम से रेल मंत्रालय से इस टूर पैकेज को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है। 

बता दें कि बीते दिनों नेपाल सरकार ने देश में कई सोशल मीडिया ऐप को बैन कर दिया था। जिसके बाद वहां के जेन-जी युवाओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करना शुरु कर दिया। देखते ही देखते ये विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। इसमें अब तक तकरीबन 25 लोग मारे जा चुके हैं जबकि 500 से अधिक लोग घायल हैं। 

नेपाल के लोगों में सरकार के खिलाफ गुस्सा इस कदर बढ़ चुका है कि उन्होंने कई मंत्रियों के घर के अलावा वहां के संसद भवन तक को आग के हवाले कर दिया था। जिसके बाद वहां के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। साथ ही पूरे कैबिनेट ने भी इस्तीफा दे दिया था। पूर्व पीएम ओली के इस्तीफे के बाद सेना ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है। लेकिन इसके बावजूद हिंसा कम होने का नाम नहीं ले रही है।