उज्जैन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष कमल नाथ मंगलवार को महाकाल की नगरी उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे थे। पूजा के बाद कमलनाथ बदनावर विधानसभा क्षेत्र में गए। बदनावर मे वे उप चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रचार अभियान का श्री गणेश कर रहे हैं।

उज्‍जैन में पूजा के बाद मीडिया से चर्चा में कमल नाथ ने कहा कि ख़ुद को टाइगर कह कर जनता को गुमराह नहीं किया जा सकता है। जनता बहुत समझदार है वो जानती है कि कौन टाइगर है , कौन हाथी है, कौन बिल्ली है और कौन चूहा है? राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ नेे कहा कि उपचुनाव में जनता इस सरकार को करारा जवाब देगी। कमल नाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश की बहुत भोली भाली है। बड़े सरल स्वभाव की है। प्रदेश की जनता मौजूदा सरकार के तौर तरीकों और हथकंडों की गवाह है। मुझे पूरा विश्वास है कि इस बार प्रदेश की जनता इनको मुंह तोड़ जवाब देगी। 

स्थानीय मीडिया द्वारा कमल नाथ की उज्जैन यात्रा को चुनावी शंखनाद के तौर पर देखने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में चुनाव तो बहुत पहले शुरू हो चुके हैं। शंखनाद चलता रहता है।

मध्य प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रहने की प्रार्थना करने आया हूं 

उज्जैन पहुंचे कमल नाथ ने मीडिया से बातचीत करने के दौरान कहा कि 'मैं उज्जैन भगवान महाकाल के दर्शन करने के लिए आया हूं। मेरी इच्छा है कि भगवान महाकाल का आशीर्वाद हम सबको मिले, प्रदेश को मिले ताकि मध्य प्रदेश का भविष्य सुरक्षित रहे। नौजवानों का भविष्य सुरक्षित रहे, इसके लिए आज मैं भगवान महाकाल के दर्शन करने आया हूं।