इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के पॉश तुकोगंज इलाके में एक बड़े कारोबारी को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। रियल एस्टेट व्यवसायी संजय जैन को फोन कर बदमाशों ने पहले 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। हालांकि, इसे बाद में बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये कर दी गई थी। घटना के बाद व्यापारी और उनका परिवार दहशत में है। जबकि, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने संजय जैन को दो बार फोन कर धमकाया था। पहली कॉल में 10 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। हालांकि, कारोबारी ने दूसरी बार आए कॉल को रिसीव नहीं किया। जिसके बाद बदमाशों ने रकम में 5 करोड़ रुपये और जोड़ दिए। इस तरह कुल मांग 15 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। आरोपियों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी।

यह भी पढ़ें:MP: बड़वानी और सतना जिला अदालत को बम से उडाने की धमकी, खाली कराए गए परिसर

लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर संजय जैन ने तुकोगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की टीम उन मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है जिनसे धमकी भरे कॉल किए गए थे।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या वाकई कॉल करने वाले लोग लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं या किसी ने इस गैंग का नाम इस्तेमाल कर डर पैदा करने और रंगदारी वसूलने की कोशिश की है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तकनीकी और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

यह भी पढ़ें:सीहोर में बेमौसम बारिश से मंडी में भीगा गेहूं, खेतों की फसल पर भी मंडरा रहा संकट