MP: बड़वानी और सतना जिला अदालत को बम से उडाने की धमकी, खाली कराए गए परिसर
मध्य प्रदेश के बड़वानी और सतना कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सतना कोर्ट में 15 जहरीले गैस बम का दावा किया गया।
बड़वानी/सतना। मध्य प्रदेश के दो अलग अलग जिलों में न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बड़वानी और सतना जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकियों ने शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस को हाई अलर्ट पर ला दिया है। बड़वानी जिला कोर्ट को एक अज्ञात ईमेल के जरिए उड़ाने की धमकी मिली थी। वहीं, सतना जिला न्यायालय को भेजे गए मेल में 15 जहरीली गैस बम लगाने का दावा किया गया। दोनों ही जगहों पर एहतियातन कोर्ट परिसर खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया गया।
बड़वानी में धमकी मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरी इमारत को खाली कराया और आसपास की दुकानों व वकीलों के चैंबर भी बंद करा दिए थे। कोर्ट की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी कर दी गई थी। यह न्यायालय बड़वानी थाने से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित है जिससे सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया और भी तेज रही थी।
यह भी पढ़ें:सीहोर में बेमौसम बारिश से मंडी में भीगा गेहूं, खेतों की फसल पर भी मंडरा रहा संकट
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खरगोन से बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड बुलाया गया था। मौके पर एसपी, एडीएम और एडिशनल एसपी खुद मौजूद रहकर हालात की निगरानी करते रहे। कोतवाली थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ कोर्ट के सभी प्रवेश द्वारों को सील कर दिया था। स्वाट और बम स्क्वायड की टीमों ने कोर्ट परिसर के हर हिस्से की सघन तलाशी ली जबकि फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस को भी अलर्ट पर रखा गया था।
वहीं, सतना जिला न्यायालय में सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक धमकी भरा संदेश पहुंचा। इस मेल में दावा किया गया कि अदालत परिसर और जजों के कार्यालयों में 15 जहरीली गैस बम लगाए गए हैं जो दोपहर 1 बजे विस्फोट करेंगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने तुरंत कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें:अहमदाबाद में फेक करेंसी गैंग का भंडाफोड़, योग गुरु निकला मास्टरमाइंड, आश्रम से 2.9 करोड़ के नकली नोट जब्त
इसके बाद सतना, मैहर, अमरपाटन समेत अन्य तहसील न्यायालयों में भी सुरक्षा जांच शुरू कर दी गई है। बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की मदद से सभी परिसरों को खाली कराकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी भी विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई है लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर निगरानी कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों मामलों में धमकी भरे ईमेल की जांच साइबर सेल द्वारा की जा रही है और मेल भेजने वाले की पहचान व लोकेशन ट्रेस करने के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
यह भी पढ़ें:गोंदिया स्टेशन पर 20 दिन का मेगा ब्लॉक, 14 ट्रेनों का संचालन रद्द
गौरतलब है कि इससे पहले मैहर कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिल चुकी है। लगातार सामने आ रहे इन मामलों को देखते हुए जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इन घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या यह अलग-अलग शरारती तत्वों की करतूत है। फिलहाल दोनों जिलों में स्थिति नियंत्रण में है लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं।




