गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के चांचौड़ा निवासी IRS प्रद्युम्न सिंह मीना के घर पर शुक्रवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला किया। इस दौरान दर्जनों की संख्या में आए हमलावरों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ की। मामले में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए SIT जांच की मांग की है।



राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया कि, 'प्रद्युमन सिंह मीना IRS हमारे क्षेत्र के पहले ऑल इंडिया सर्विस के UPSC द्वारा चयनित अधिकारी हैं। हमें उन पर गर्व है। कल रात उनके निवास ग्राम पेंची थाना चांचौड़ा ज़िला गुना पर जान लेवा हमला हुआ। यह हमारी क़ानून व्यवस्था के लिए शर्म की बात है।' सिंह ने इस पूरे मामले में गुना इस एसपी से बात कर एसआईटी गठित करने की मांग की है।





IRS प्रद्युम्न मीना ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 10-15 लोगों ने उनके घर पर हमला किया और सामान बिखरा दिया। घटना के दौरान प्रद्युम्न और उनकी पत्नी प्रियंका मीना घर पर ही थे। उन दोनों ने घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। उन्होंने कहा कि मामले में FIR दर्ज कराई जा रही है।



यह भी पढ़ें: जगह नहीं मिले तो टॉयलेट में खोल दें शराब दुकान, SDM से बोलीं सांसद प्रज्ञा ठाकुर



आईआरएस प्रद्युम्न सिंह मीना ने इस हमले के पीछे स्थानीय बीजेपी नेता व पूर्व विधायक ममता मीना और उनके पति रघुवीर मीना का हाथ बताया है। मीना दंपत्ति के मुताबिक बीजेपी नेता के समर्थकों ने ही उनके घर पर हमला किया है। घटना के बाद उनके घर की तस्वीरें भी सामने आई है जिसमें देखा जा सकता है कि सामना इधर-उधर बिखरे पड़े हैं।



स्थानीय लोगों के मुताबिक दो दिन पहले दोनों परिवारों में सोशल मीडिया पर वॉर छिड़ गया था। दरअसल, IRS प्रद्युम्न की पत्नी प्रियंका मीणा ने बीजेपी नेता और उनके पति पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया था। इसके जवाब में पूर्व विधायक ममता मीना के पति व रिटायर्ड एसपी रघुवीर मीना ने लिखा था कि यदि मैने आपके साथ गुंडई की हो तो मुझे अवश्य प्रमाण देने का कष्ट करें। सोशल मीडिया पोस्ट के अगले ही दिन प्रद्युमन सिंह मीना के घर पर हमला हुआ।