खरगोन। मध्य प्रदेश में आदिवासी महिलाओं के साथ अत्याचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गुना में महिला को जिंदा जलाने की कोशिश और देवास में महिला के साथ सामूहिक बर्बरता का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ की खरगोन से भी ऐसी ही तस्वीर सामने आई है। यहां एक महिला को अवैध संबंध के शक में पति और भाइयों ने बेरहमी से पीटा। इसके बाद पूरे गांव में उसकी जुलूस निकाली गई।



मामला खरगोन जिले के केली गांव का है जहां 42 वर्षीय महिला पिछले 5 महीने से ससुराल में रह रही थी। महिला का विवाह बड़वानी के नालगवाड़ी में हुआ था। उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पति आए दिन पत्नी से बहस करता था उसे मारता पीटता था। पति की प्रताड़ना से तंग आकर वह मायके चली गई और अपने काका के यहां रहने लगी।



पीड़िता के काका ने बताया कि उन्हें कोई भी संतान नहीं है। 5 महीने पहले भतीजी घर पर आई थी तो उन्होंने उसके भाइयों को इसकी सूचना दी थी। भतीजी को बेटी के जैसे रखा, लेकिन दामाद और भतीजों ने आकर मारपीट की। हाथ, पैर, सिर और कमर में चोट आने की वजह से महिला का काका जिला अस्पताल में भर्ती है।





महिला के भाइयों और पति ने मिलकर महिला को भी बेरहमी से पीटा। इसके बाद ग्रामीणों ने महिला के कंधे पर पति को बिठाकर उसका जुलूस निकाला। पुलिस का कहना है कि घटना 2 जुलाई की है, जिसका वीडियो मंगलवार शाम सामने आया। इसके बाद 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।



यह भी पढ़ें: क्रूर समाज का खौफनाक चेहरा: देवास में आदिवासी महिला के साथ बर्बरता, भीड़ ने लात-घूंसों से पीटकर अधमरा किया



बता दें कि 4 दिन पहले ही देवास में इसी तरह एक महिला के साथ बर्बरता की घटना सामने आई थी। यहां गांव के ही एक व्यक्ति से महिला के अवैध संबंध होने के शक में पति और गांववालों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की थी। महिला को अर्धनग्न अवस्था में भी ग्रामीण पीटते रहे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था।