भोपाल। लोकसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज है। तमाम कयासों के बीच कमलनाथ का एक ट्वीट सुर्खियां बटोर रहा है। कमलनाथ ने लिखा है कि राष्ट्र निर्माण ही कांग्रेस का एकमात्र ध्येय, हम गांधी, नेहरू और अंबेडकर के रास्ते पर चलकर स्वर्णिम भारत बनाएंगे



कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'कांग्रेस की विचारधारा सत्य, धर्म और न्याय की विचारधारा है। देश के सभी धर्म, जाति, क्षेत्र, भाषा और विचार के लिए कांग्रेस की विचारधारा में समान स्थान और सम्मान है। कांग्रेस पार्टी के 138 वर्ष के इतिहास में ज्यादातर समय संघर्ष और सेवा में गुजरा है। आजादी की लड़ाई के आंदोलन में तानाशाही से संघर्ष में कांग्रेस के नेताओं में देश सेवा की होड़ लगी रही। आजादी के पश्चात राष्ट्र निर्माण ही कांग्रेस का एकमात्र ध्येय है।'





पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, 'आज जब देश में विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश हो रही है और लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं तब भी कांग्रेस पार्टी और उसकी विचारधारा ही तानाशाही का मुकाबला करेगी और देश को दुनिया का सबसे सुंदर और मजबूत लोकतंत्र बनाएगी। हम गांधी जी, नेहरू जी और अंबेडकर जी के रास्ते पर चलकर स्वर्णिम भारत बनाएंगे।'



बता दें कि इस महीने मध्य प्रदेश में 5 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने वाली है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस पूर्व सीएम कमलनाथ को राज्यसभा भेज सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कमलनाथ 15 फरवरी को नॉमिनेशन कर सकते हैं। नॉमिनेशन से पहले कमलनाथ ने कांग्रेस के सभी विधायकों को डिनर पर बुलाया है। 13 फरवरी को कमलनाथ के बंगले पर रात 8 बजे डिनर पार्टी होगी। जिसे लेकर कमलनाथ की तरफ से सभी कांग्रेस विधायकों को निमंत्रण भेजा जा चुका है।