भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिला अस्पताल में दुष्कर्म पीड़िता के मेडिकल परीक्षण में हुई गंभीर देरी ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुरपुरा थाना पुलिस रात करीब 1:30 बजे पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी लेकिन इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर द्वारा फोन रिसीव नहीं किए जाने के कारण पीड़िता को करीब 6 से साढ़े 6 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। मामला कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना तक पहुंचने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और सुबह करीब 7:30 बजे पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल के इमरजेंसी स्टाफ ने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर से कई बार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन कॉल का कोई जवाब नहीं मिला। इस वजह से पीड़िता पूरी रात अस्पताल में मेडिकल जांच का इंतजार करती रही। घटना की शिकायत प्रशासन तक पहुंचने के बाद अधिकारियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच शुरू कराई।

यह भी पढ़ें:भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन पटरी पर उतरी, जींद-सोनीपत रूट से हुई ग्रीन रेल युग की शुरुआत

मामले में जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आर.के. मिश्रा ने इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉ. रश्मि गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। डॉक्टर ने अपनी सफाई में तबीयत खराब होने की बात कही है लेकिन सिविल सर्जन ने इसे ड्यूटी के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में इस तरह की देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती।

घटना के बाद जिला अस्पताल में नई व्यवस्था भी लागू की गई है। सिविल सर्जन ने इमरजेंसी स्टाफ और नर्सिंग अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर उपलब्ध न हों या फोन रिसीव न करें तो तत्काल इसकी सूचना रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (RMO) या सीधे सिविल सर्जन को दी जाए ताकि पीड़ितों की मेडिकल जांच में किसी प्रकार की देरी न हो।

यह भी पढ़ें:ISRO में 10 महीने में 100 से ज्यादा वैज्ञानिकों के इस्तीफे, गगनयान समेत बड़े मिशनों पर पड़ सकता है असर

दूसरी ओर पुलिस जांच में सामने आया है कि सुरपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती ने अपने परिचित सुमित यादव पर चलती कार में दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी उसे उसकी बुआ के घर छोड़ने के बहाने कार में ले गया और रास्ते में उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई और चलती कार से नीचे धक्का दे दिया गया। बताया गया है कि दोनों पहले अहमदाबाद के एक पार्लर में साथ काम करते थे। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।