भोपाल सेंट्रल जेल में पदस्थ जेलर मग्नू सिंह मरावी पर 58 वर्षीय महिला प्रहरी ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि शुक्रवार रात ड्यूटी के दौरान जेलर ने उसे जबरन वॉशरूम में ले जाकर रेप किया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर गांधी नगर पुलिस ने आरोपी जेलर के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
एसआई प्रभावती शर्मा के मुताबिक, महिला प्रहरी ने देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे वह जेल परिसर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जेलर मग्नू सिंह मरावी से उसका सामना हुआ। आरोप है कि जेलर ने पहले उससे अश्लील बातें की और फिर जबरदस्ती वॉशरूम में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।
यह भी पढ़ें:MP: फंदा सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में उतरे किसान, हाईवे पर बैठकर किया हनुमान चालीसा पाठ
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस टीम ने सेंट्रल जेल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है। अब जांच के तहत जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जाएगी। इसके साथ ही संबंधित ड्यूटी रजिस्टर और अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल होगी। घटना के समय जेल में मौजूद कर्मचारियों और संभावित गवाहों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
मग्नू सिंह मरावी भोपाल सेंट्रल जेल आने से पहले उमरिया जिला जेल में उप जेल अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। अगस्त 2024 में उनकी पदस्थापना भोपाल जेल में हुई थी। जानकारी के मुताबिक, महिला प्रहरी ने साल 2017 में भी जेल के एक अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। हालांकि, उस पुराने प्रकरण और मौजूदा शिकायत के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि वर्तमान शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें:बिसलेरी के पानी में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, FSSAI ने कंपनी पर दूसरी बार केस चलाने की दी मंजूरी