भोपाल। राजधानी भोपाल के फंदा में प्रस्तावित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में शनिवार को किसानों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया था। दोपहर 2 से 3 बजे तक चले प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर करीब 4-4 किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गई थी। सूचना मिलने पर हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया और तहसीलदार कुणाल राउत मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी आपत्तियों पर दोबारा सुनवाई कराने का भरोसा दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म कर जाम खोल दिया।
इस दौरान ग्रामीणों ने हाईवे पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। उन्होंने शासन और प्रशासन को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना करते हुए प्रस्तावित फैक्ट्री लगाने के फैसले पर रोक लगाने की मांग की।
यह भी पढ़ें:बिसलेरी के पानी में मिला कोलीफॉर्म बैक्टीरिया, FSSAI ने कंपनी पर दूसरी बार केस चलाने की दी मंजूरी
जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल हाड़ा ने कहा कि फैक्ट्री बनने से आसपास के गांवों के लोगों को परेशानी होगी। प्रस्तावित प्लांट भोजताल के कैचमेंट एरिया में है। ऐसे में फैक्ट्री से निकलने वाले केमिकल और अपशिष्ट से जल प्रदूषण का खतरा है। वहीं, उत्पादन के दौरान उड़ने वाली धूल से वायु प्रदूषण बढ़ सकता है। जिससे ग्रामीणों को सांस संबंधी बीमारियां होने की आशंका है।
हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया के मुताबिक, किसानों की मांग है कि सभी प्रभावित ग्रामीणों को बुलाकर दोबारा लोक सुनवाई की जाए और उनकी आपत्तियां सुनी जाएं। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों की आपत्तियां दर्ज कर ली गई हैं। दोबारा लोक सुनवाई कराने से संबंधित प्रस्ताव पर्यावरण विभाग को भेजा जा रहा है। किसानों को उनकी मांग वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाने का भी आश्वासन दिया गया है। गौरतलब है कि सीमेंट फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीण इससे पहले गुरुवार रात मशाल जुलूस निकालकर भी प्रदर्शन कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें:भोपाल के राजोरिया रेस्टोरेंट की पनीर सब्जी में निकला स्टील वायर, खाद्य सुरक्षा टीम ने लिए 5 सैंपल