नई दिल्ली। वोट चोरी और चंदा चोरी के मुद्दे पर विपक्षी दल लगातार सवाल उठा रहे हैं। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट में चढ़ावे की चोरी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों की भूमिका और गतिविधियों पर पर्दा डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
जयराम रमेश ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि राम मंदिर का प्रबंधन करने वाले ट्रस्ट में बीजेपी, आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े पदाधिकारी शामिल हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री ने चुना था। ऐसे में चढ़ावे की चोरी के गंभीर मामले सामने आने के बाद ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच का दायरा केवल कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका की भी पड़ताल होनी चाहिए।
कांग्रेस महासचिव ने सवाल उठाया कि जब ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने शिरडी साई मंदिर, तिरुपति बालाजी और दूसरे मंदिरों की दान व्यवस्था का अध्ययन किया था, तो अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती, सुरक्षा और बैंक में धन जमा कराने के लिए पारदर्शी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई गई? क्या दान प्रबंधन की बेहतर व्यवस्थाओं की जानकारी होने के बावजूद ऐसी लापरवाही बरती गई? उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) सीधे और केवल सुप्रीम कोर्ट को रिपोर्ट करे।
जयराम रमेश ने कहा कि राम मंदिर में देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था के साथ धन चढ़ाया है। ऐसे में उस धन के प्रबंधन और इस्तेमाल का पूरा हिसाब सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की स्वतंत्र जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में कराई जाए, ताकि ट्रस्ट के जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका सामने आए और जवाबदेही तय हो सके।
गौरतलब है कि धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और दान की व्यवस्था में पारदर्शिता का मुद्दा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा में भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। 20 अक्टूबर को उज्जैन से शुरू हुई यह यात्रा अयोध्या तक निकाली जा रही है। यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता और समर्थक भी शामिल हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी भी देखने को मिल रही है। यात्रा के माध्यम से धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे और दान का पारदर्शी हिसाब रखने के साथ ही 'नोट चोरी और वोट चोरी' के मुद्दे पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।